menu-icon
India Daily

'किसी की नहीं सुनी जाएगी', लॉरेंस गैंग ने कैफे पर फायरिंग कर कपिल शर्मा को दी खुली चेतावनी

कनाडा के सरे शहर में ‘चाय सुट्टा बार’ कैफे पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कपिल शर्मा को भी धमकी दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.

KanhaiyaaZee
'किसी की नहीं सुनी जाएगी', लॉरेंस गैंग ने कैफे पर फायरिंग कर कपिल शर्मा को दी खुली चेतावनी
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: कनाडा के सरे शहर में एक बार फिर गैंगवार का खौफनाक मामला सामने आया है. 120 स्ट्रीट स्थित ‘चाय सुट्टा बार’ कैफे पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. यह कैफे मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ के ठीक बगल में स्थित बताया जा रहा है. घटना के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं.

इस हमले के कुछ ही समय बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जिम्मेदारी ली. फेसबुक पर टायसन बिश्नोई और जोरा संधु के नाम से किए गए पोस्ट में दावा किया गया कि ‘चाय सुट्टा बार’ पर गोली चलवाना उनके संदेश का हिस्सा था. पोस्ट में धमकी भरे लहजे में कहा गया कि यह केवल एक चेतावनी है और संबंधित लोगों को लाइन पर आने के लिए कहा गया है.

कपिल शर्मा को भी दी गई धमकी

गैंग के पोस्ट में सीधे तौर पर कपिल शर्मा को भी निशाना बनाया गया है. इसमें चेतावनी दी गई है कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो कैफे को बंद करवा दिया जाएगा. साथ ही कहा गया कि अगला नंबर कपिल शर्मा के कैफे का हो सकता है. इतना ही नहीं, मुंबई स्थित उनके घर पर भी हमले की धमकी दी गई है. पोस्ट में यह भी लिखा गया कि इस बार किसी की सिफारिश नहीं मानी जाएगी.

बढ़ी सुरक्षा, एजेंसियां सतर्क

फायरिंग की इस घटना के बाद कनाडा की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है. बताया जा रहा है कि भारतीय एजेंसियां भी इस मामले में अपने कनाडाई समकक्षों के संपर्क में हैं. सोशल मीडिया पोस्ट में कई आपराधिक गिरोहों से जुड़े हैशटैग का इस्तेमाल किया गया है, जिससे धमकी की गंभीरता और बढ़ गई है.