menu-icon
India Daily

समुद्री लुटेरों ने तेल टैंकर 'यूरेका' पर किया कब्जा, यमन के तट से सोमालिया की तरफ लेकर भागे

अदन की खाड़ी में एक्टिव समुद्री लुटेरों ने यमन के तट से एक टैंकर पर कब्जा कर लिया है. लुटेरे टैंकर को सोमालिया की तरफ ले जा रहे हैं. कोस्ट गार्ड ने जहाज की लोकेशन ट्रैक कर ली है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
समुद्री लुटेरों ने तेल टैंकर 'यूरेका' पर किया कब्जा, यमन के तट से सोमालिया की तरफ लेकर भागे
Courtesy: ai generated image

नई दिल्ली: यमन के तट से अदन की खाड़ी में एक्टिव समुद्री लुटेरों ने यूरेका नाम के एक तेल टैंकर पर कब्जा कर लिया है. लुटेरे कथित तौर पर टैंकर को सोमालिया की तरफ लेकर जा रहे हैं. यमन कोस्ट गार्ड ने बताया है कि अज्ञात हमलावरों ने जहाज पर चढ़कर उस पर अपना कब्जा कर लिया. कब्जा करने के बाद लुटेरों ने उसका रास्ता बदल दिया.

अधिकारिओं के अनुसार यह घटना शनिवार को हुई जब यमन के समुद्री इलाके में अज्ञात हमलावरों ने हथियार के दम पर टैंकर को हाईजैक कर लिया. हालांकि कोस्ट गार्ड ने जहाज की लोकेशन को ट्रैक कर लिया है और लगातार जहाज की एक्टिविटी पर नजर रखे हुए है. साथ ही जहाज को मुक्त कराने का भी प्रयास किया जा रहा है.

यमन के शबवा प्रांत में हुई घटना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस टैंकर पर कब्जा किया गया है वो टोगो के झंडे के तहत चलता है. जहाज पर यमन के शबवा प्रांत के पास हमला किया गया था. जानकारी के अनुसार हथियारबंद हमलावर जबरन जहाज पर चढ़ गए और उस पर कब्जा कर लिया. हमलावरों ने जहाज को सोमालियाई तट की तरफ मोड़ दिया है. कोस्ट गार्ड ने टैंकर की लोकेशन ट्रैक कर लेने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि जहाज पर लगातार नजर रखी जा रही है.

जहाज को छुड़ाने के हो रहे प्रयास

कोस्ट गार्ड के अधिकारियों ने यह भी बताया कि हमलावरों से जहाज को छुड़ाने और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि अब तक चालक दल के सदस्यों की संख्या और वो किस देश के हैं इसकी जानकारी नहीं मिली है. समुद्री ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक कब्जा किया गया 'यूरेका' जहाज आखिरी बार मार्च के आखिर में UAE के फुजैरा बंदरगाह पर देखा गया था.

तेजी से बढ़ी हैं समुद्री लूट की घटनाएं

सोमालियाई तट के पास समुद्री लूट लगभग 2000 के दशक में बहुत ज्यादा फैली थी. यह 2011 में अपने चरम पर थी, जब सैकड़ों हमलों की रिपोर्ट्स आई थीं. हालांकि अंतर्राष्ट्रीय नौसैनिक गश्त और बेहतर सुरक्षा उपायों ने समुद्री लूट की घटनाओं को काफी हद तक कम कर दिया था. हाल के हफ्तों में ये घटनाएं फिर से बढ़ गई हैं.

इन घटनाओं के चलते अदन की खाड़ी और आसपास के समुद्री इलाकों में नई टेंशन ने जन्म ले लिया है. जानकारी के अनुसार यूरोपीय संघ नौसेना बल के 'ऑपरेशन अटलांटा' ने अप्रैल के आखिर में समुद्री लूट से जुड़ी 3 घटनाओं की रिपोर्ट सौंपी थी. वहीं पिछले महीने एक अलग मामले में गाराकाद बंदरगाह से एक्टिव समुद्री लुटेरों ने भी एक टैंकर पर कब्जा किया था.

अमेरिका-इजराइल और ईरान वॉर का असर

28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव के कारण क्षेत्रीय शिपिंग पहले से ही प्रभावित हुई है. हालांकि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह हाईजैकिंग सीधे तौर पर उस युद्ध से जुड़ी है. मिडिल ईस्ट में चल रही टेंशन के बीच सोमालिया के पुंटलैंड इलाके में नए समुद्री लुटेरों के गिरोहों के पनपने की खबरों ने सुरक्षा टेंसन बढ़ा दी है, इसके चलते यमन के अधिकारियों ने स्थिति को सुलझाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहायता मांगी है.