Donald Trump: डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन के चौथे दिन कमला हैरिस ने राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन कर दिया. ऐसा करने वाली वह पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई मूल की महिला बन गईं. हैरिस ने नामांकन के बाद भाषण दिया और रिपब्लिकन पार्टी के प्रेसिडेंट कैंडिडेट डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा. हैरिस ने ट्रंप को अनसीरियस मैन कह दिया. हैरिस की इस बात पर पूर्व राष्ट्रपति अपना संयम नहीं रख पाए. उन्होंने ट्रुथ सोशल पर कई तीखी पोस्ट के जरिए कमला हैरिस पर हमला बोला.
डीएनसी में हैरिस के भाषण के ठीक बाद डोनाल्ड ट्रंप ने उन पर कई हमले किए. पूर्व राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके 2025 के एजेंडे की आलोचना की और उन्हें"कमजोर और अप्रभावी बताया. जीओपी कैंडिडेट ( रिपब्लिकन उम्मीदवार) ने दावा किया कि उन्होंने मध्यम वर्ग को तोड़ दिया है. उसे असुरक्षित बना दिया है. ट्रंप ने अपनी नीतियों की तुलना हैरिस से करते हुए कहा कि वह एक अवसरवादी अर्थव्यवस्था का अनुमान लगा रही हैं लेकिन मैंने अवसर वाले क्षेत्र बनाए हैं. मेरी नीतियां वर्षों की सबसे सफल आर्थिक विकास नीति है!
रिपब्लिकन उम्मीदवार ने आगे कहा कि उन्होंने साढ़े तीन साल तक सिर्फ बातें की हैं और यही वह आज रात कर रही हैं. वह हर चीज के बारे में शिकायत कर रही हैं लेकिन कुछ नहीं कर रही हैं! उन्हें अभी भाषण देना बंद कर देना चाहिए. उन्हें वाशिंगटन डीसी चले जाना चाहिए, सीमा बंद कर देनी चाहिए, पेंसिल्वेनिया और अन्य जगहों पर फ्रैकिंग की अनुमति दे देनी चाहिए . उन्हें वे काम करने शुरू कर देने चाहिए जिनके बारे में वह शिकायत कर रही हैं कि वे नहीं किए गए हैं!
ट्रंप ने एक अलग पोस्ट में नेंसी पेलोसी और जो बाइन पर भी निशाना साधा. इसमें लिखा था देखिए यह पागल नैन्सी पेलोसी है, क्या कह रही है? और कुटिल जो कहाँ है? उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि पेलोसी ने अपने कैंपेन में चीन का उल्लेख नहीं किया, उन्होंने फ्रैकिंग का उल्लेख नहीं किया, उन्होंने ऊर्जा का उल्लेख नहीं किया, उन्होंने सार्थक रूप से रूस और यूक्रेन का भी उल्लेख नहीं किया है.
ट्रंप ने आगे कहा कि उन्होंने आज के बड़े मुद्दों का जिक्र नहीं किया, जो हमारे देश को नष्ट कर रहे हैं. अमेरिका में 60 मिलियन लोग गरीबी में हैं, उनकी निगरानी में, और वह उनके बारे में बात भी नहीं करती हैं! कई अन्य पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि हैरिस प्रोजेक्ट 2025 के बारे में फिर से झूठ बोल रही हैं. वह हमारे देश पर आक्रमण करने वाले अवैध अप्रवासियों पर हमारा सारा पैसा खर्च करना चाहती हैं! और इज़राइल से नफरत करती हैं.