Rise And Fall: भोजपुरी सिनेमा के दमदार सितारे पवन सिंह इन दिनों रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' की वजह से खूब सुर्खियां बटोर रहे थे. एमएक्स प्लेयर पर प्रसारित यह शो, जो अशनीर ग्रोवर के प्रोडक्शन में बना है, 6 सितंबर से शुरू हुआ और पवन सिंह की एंट्री ने इसे नई ऊंचाई दे दी. लेकिन अब खबरें आ रही हैं कि पवन सिंह ने महज दो हफ्तों में ही शो को बाय-बाय कह दिया है. उनके इस फैसले ने न सिर्फ फैंस को चौंका दिया, बल्कि शो के घर में भावुक पल भी पैदा कर दिए.
शो में पवन सिंह बतौर स्पेशल गेस्ट शामिल हुए थे, जिनका कॉन्ट्रेक्ट करीब 10-12 दिनों का था. लेकिन उनकी मौजूदगी ने शो को भोजपुरी मसाले से भर दिया. याद कीजिए, कैसे उन्होंने कंटेस्टेंट्स के साथ मस्ती की, अपनी पर्सनल लाइफ के राज खोले और डांस परफॉर्मेंस से स्टेज हिला दिया. एक एपिसोड में उन्होंने अपनी पहली पत्नी के निधन का दर्द भरा किस्सा शेयर किया, जो दर्शकों के दिल को छू गया. फिर आया धमाकेदार डांस सेशन, जहां पवन सिंह ने अपने सुपरहिट गाने 'तोहरा राजा जी के दिलवा टूट जाई' पर कंटेस्टेंट आकृति नेगी के साथ ठुमके लगाए. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने इसे लाखों बार देखा.
पवन सिंह का शो से बाहर होना कोई एविक्शन नहीं था. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका समय पूरा होते ही परिवार उन्हें लेने आया. जाते-जाते उन्होंने कैमरे के सामने कहा, "मैं तो कभी इस शो का कंटेस्टेंट था ही नहीं. बस थोड़े दिनों के लिए आया था, राइज तो किया, लेकिन फॉल नहीं होने दिया.' यह बात सुनकर शो के बाकी सदस्यों के चेहरे उतर गए. खासकर कंटेंट क्रिएटर और डांसर धनश्री वर्मा का हाल देखने लायक था. शो में पवन सिंह के साथ उनकी केमिस्ट्री कमाल की रही. दोनों ने एक-दूसरे के साथ फ्लर्टी बातें कीं, डांस किया और मजा लिया. लेकिन पवन के जाने की खबर पर धनश्री फूट-फूटकर रो पड़ीं. उन्होंने कहा, 'भैया, आप ऐसे चले गए? शो सूना हो गया.' यह इमोशनल मोमेंट शो के लेटेस्ट प्रोमो में कैद है, जो दर्शकों को भी भावुक कर रहा है.
पवन सिंह ने 'राइज एंड फॉल' शो को कहा अलविदा?
पवन सिंह की विदाई से पहले शो में कई ट्विस्ट देखने को मिले. पहलवान संगीता फोगाट पहले ही बाहर हो चुकी थीं, फिर नौरीन का एविक्शन हुआ. पावर गेम में अर्जुन बिजलानी ने पवन से बड़ी जिम्मेदारी छीन ली, जिससे टेंशन बढ़ गया. पवन ने मजाक में कहा था कि बाहर जाकर वे एक घंटे तक गालियां देंगे, लेकिन रियलिटी में उन्होंने स्टाइल से अलविदा कहा. उनके फैंस सोशल मीडिया पर बाढ़ ला रहे हैं- कोई कह रहा है 'पावरस्टार वापस आओ', तो कोई मीम्स बना रहा है.