menu-icon
India Daily

'50 करोड़ की प्रॉपर्टी, फिर भी लोन नहीं चुकाना चाहते...', तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव पर केकेआर ने क्यों लगाए गंभीर आरोप?

एक्टर राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल वक्त से जूझ रहे हैं. उन्होंने चेक बाउंस केस में जेल में सरेंडर कर दिया है. अब इस मामले में केआरके ने कई बड़े खुलासे किए है.

antima
Edited By: Antima Pal
'50 करोड़ की प्रॉपर्टी, फिर भी लोन नहीं चुकाना चाहते...', तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव पर केकेआर ने क्यों लगाए गंभीर आरोप?
Courtesy: x

मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों एक पुराने चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद हैं. यह मामला 2010 का है, जब राजपाल ने अपनी पहली डायरेक्टेड फिल्म 'अता पता लापता' के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म फ्लॉप होने के बाद लोन नहीं चुक पाए, ब्याज और पेनल्टी के साथ अब यह रकम लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई है. दिल्ली हाई कोर्ट ने कई बार समय दिया, लेकिन पेमेंट नहीं होने पर फरवरी 2026 में राजपाल को सरेंडर करना पड़ा और वे 6 महीने की सजा काट रहे हैं.

जेल में बंद राजपाल यादव को लेकर ये क्या बोल गए केआरके

अब इस केस में विवादास्पद फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान ने सोशल मीडिया पर बयानबाजी शुरू कर दी है. गुरुवार को KRK ने X पर कई ट्वीट किए, जिसमें उन्होंने दावा किया कि राजपाल यादव के पास 50 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी है, लेकिन वे लोन चुकाना नहीं चाहते. KRK ने लिखा, "एक दोस्त ने बताया कि राजपाल के पास 50 करोड़ की प्रॉपर्टी है. मतलब खुद राजपाल यादव लोन नहीं चुकाना चाहते. उनका बड़ा भाई भी यही कह रहा है."

KRK ने आगे आरोप लगाया कि केस राजपाल और उनकी पत्नी के खिलाफ है, लेकिन पत्नी जेल क्यों नहीं गईं? उन्होंने कहा, "मेरे एक दोस्त ने उनकी पत्नी का हिस्सा 1.50 करोड़ रुपये चुका दिया, इसलिए वो बाहर हैं." KRK ने यह भी कहा कि राजपाल ने बॉलीवुड के कई लोगों से लोन लिया और वापस नहीं किया. कुछ महीने पहले भी वे एक दोस्त का अपार्टमेंट खरीदने की बात कर रहे थे. KRK ने एक और ट्वीट में बताया कि 2024 में राजपाल की उत्तर प्रदेश में प्रॉपर्टी सील हो गई थी, क्योंकि 11 करोड़ का लोन नहीं चुकाया. हालांकि KRK ने राजपाल की मदद का भी हाथ बढ़ाया.

उन्होंने कहा कि वे 10 लाख रुपये का चेक देने को तैयार हैं और राजपाल की पत्नी को उनके ऑफिस से लेने को कहा है. लेकिन पत्नी बेल हियरिंग का रिजल्ट देखना चाहती हैं. KRK ने बॉलीवुड से अपील की कि सब मिलकर 5 करोड़ जुटाएं, ताकि राजपाल बाहर आ सकें.

इन सेलेब्स ने बढ़ाया मदद का हाथ

राजपाल यादव के केस में इंडस्ट्री से काफी सपोर्ट मिल रहा है. सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, गुरु रंधावा, राव इंदरजीत सिंह (जिन्होंने 1.11 करोड़ दिए) जैसे कई लोग आगे आए हैं. कुछ ने फाइनेंशियल हेल्प दी, तो कुछ ने काम ऑफर किया. राजपाल की नेट वर्थ भी 50-85 करोड़ के बीच बताई जाती है, लेकिन केस में पेमेंट नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं. बेल हियरिंग आज यानी 12 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट में होनी है, जहां फैमिली और फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि राजपाल को राहत मिलेगी.