menu-icon
India Daily

'इंडस्ट्री छोड़ दूंगा...', रवि तेजा की नई फिल्म के लिए किस एक्टर ने किया दावा

तेलुगु सुपरस्टार रवि तेजा और श्रीलीला की आगामी फिल्म मास जथारा रिलीज से पहले चर्चा में है. फिल्म के प्रमोशन इवेंट के दौरान एक्टर राजेंद्र प्रसाद ने ऐलान किया कि अगर दर्शकों को फिल्म देखने के बाद 'झटका' नहीं लगा, तो वे फिल्म इंडस्ट्री छोड़ देंगे.

babli
Edited By: Babli Rautela
'इंडस्ट्री छोड़ दूंगा...', रवि तेजा की नई फिल्म के लिए किस एक्टर ने किया दावा
Courtesy: Instagram (RaviTeja)

हैदराबाद में मंगलवार, 28 अक्टूबर को फिल्म मास जथारा का प्रमोशनल इवेंट हुआ. इस इवेंट में मौजूद वरिष्ठ एक्टर राजेंद्र प्रसाद ने ऐसा बयान दिया जिसने सबका ध्यान खींच लिया. मंच पर बोलते हुए उन्होंने कहा, 'मैं फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताऊंगा. लेकिन अगर दर्शकों को फिल्म देखने के बाद झटका नहीं लगा, तो मैं फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दूंगा.' उनका यह बयान सुनते ही वहां मौजूद दर्शक और मीडिया दोनों हैरान रह गए.

राजेंद्र प्रसाद, जो दशकों से तेलुगु सिनेमा का अहम चेहरा रहे हैं, फिल्म में एक प्रमुख किरदार निभा रहे हैं. उनके इस आत्मविश्वास भरे बयान ने फिल्म के लिए फैंस के बीच जिज्ञासा और बढ़ा दी है.

रवि तेजा ने भी फैंस से किया वादा

फिल्म में अहम किरदार निभा रहे रवि तेजा ने भी मंच पर बोलते हुए कहा कि मास जथारा एक 'पूरा मनोरंजक अनुभव' होगी. उन्होंने अपने फैंस से वादा किया कि यह फिल्म पूरी तरह 'पैसावसूल' होगी. रवि तेजा ने कहा, 'मुझे पता है कि मैंने हाल ही में आप सभी को परेशान किया है, लेकिन मास जथारा के साथ ऐसा नहीं होगा. यह मेरा वादा है.' उनकी इस ईमानदार स्वीकारोक्ति और आत्मविश्वास भरे अंदाज़ ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया.

प्रमोशन इवेंट में छाया उत्साह

हैदराबाद में हुए इस इवेंट में फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही. डायरेक्टर, फिल्म मेकर और संगीतकारों ने फिल्म के गानों और एक्शन सीक्वेंस पर भी चर्चा की. दर्शकों के बीच रवि तेजा की एंट्री और श्रीलीला के नृत्य प्रदर्शन ने माहौल को और ऊर्जावान बना दिया.

राजेंद्र प्रसाद का यह बयान अनोखा तो है, लेकिन यह पहली बार नहीं जब किसी एक्टर ने इस तरह का चुनौतीपूर्ण वादा किया हो. इससे पहले एक्टर बेलमकोंडा साईं श्रीनिवास ने अपनी फिल्म किष्किंधापुरी के प्रमोशन के दौरान कहा था, 'अगर कोई किष्किंधापुरी देखने के बाद दस मिनट भी अपना फोन देखता है, तो मैं फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दूंगा.'

फिल्म मास जथारा 31 अक्टूबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है. एक्शन, ड्रामा और एंटरटेनमेंट से भरपूर इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है. रवि तेजा और श्रीलीला की जोड़ी को देखने के लिए प्रशंसक बेताब हैं.