मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों बड़े संकट से गुजर रहे हैं. दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस के एक पुराने केस में उन्हें अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया. कोर्ट ने छह महीने की सजा को बरकरार रखा, क्योंकि राजपाल यादव ने पहले कई बार कर्ज चुकाने का वादा किया था, लेकिन अमल नहीं किया.
जज स्वर्णा कांता शर्मा की सिंगल बेंच ने साफ कहा कि अभिनेता ने कंपनी को दिए गए वादों का पालन नहीं किया. यह केस करीब 10 साल पुराना है, जिसमें लगभग 9 करोड़ रुपये का कर्ज बताया जा रहा है. राजपाल यादव ने कोर्ट में परिवार की शादी का हवाला देकर कुछ समय की राहत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी. अब वे तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं. इस बीच इंडस्ट्री से कई सितारे जैसे सलमान खान, अजय देवगन आदि ने उनका साथ दिया है. उनकी पत्नी राधा यादव ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री ने उनका साथ नहीं छोड़ा.
इसी बीच सोशल मीडिया पर दिसंबर 2025 का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राजपाल यादव वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मिलते दिख रहे हैं. फैंस इसे 'प्रॉफेटिक' या चेतावनी वाला बता रहे हैं, क्योंकि वीडियो में महाराज जी की बातें अब संकट से जोड़कर देखी जा रही हैं.
वीडियो में राजपाल यादव मुस्कुराते हुए महाराज के पास पहुंचते हैं. महाराज पूछते हैं, "ठीक हो?" राजपाल जवाब देते हैं, "आज ठीक हूं." यह सुनकर महाराज जी हंस पड़ते हैं और कहते हैं कि राजपाल जी लाखों भारतीयों को हंसाते और मनोरंजन करते हैं, जो बहुत अच्छी बात है. राजपाल ने अपनी स्पिरिचुअल जर्नी के बारे में भी बात की. उन्होंने अपने दिवंगत गुरु पंडित देव प्रभाकर शास्त्री का जिक्र किया, जिनसे 1999 में दीक्षा ली थी. उन्होंने सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग पूजा और महारुद्र यज्ञ जैसे अनुष्ठान किए थे.
उन्होंने कहा कि एक्टिंग जारी रखी, लेकिन गुरु की शिक्षाओं से जुड़े रहे. फैंस कमेंट्स में लिख रहे हैं कि महाराज जी को शायद पहले ही राजपाल के आने वाले मुश्किल वक्त का आभास हो गया था. कुछ यूजर्स कह रहे हैं कि महाराज ने मुश्किल समय में भगवान पर भरोसा रखने और नाम जप करने की सलाह दी थी, जो आज सच लग रही है. यह वीडियो अब लाखों बार देखा जा चुका है और लोग इसे शेयर कर रहे हैं. राजपाल यादव के फैंस उन्हें जल्द बाहर देखना चाहते हैं. उनका बेल प्लान अब सोमवार को सुनवाई के लिए लिस्टेड है.