मुंबई: बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा जोड़े रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर खूब चर्चा हो रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ने अक्टूबर 2025 में हैदराबाद में विजय के घर पर नजदीकी दोस्तों और परिवार के साथ सगाई कर ली थी. अब अफवाहें हैं कि वे जल्द ही शादी रचाने वाले हैं और संभावित तारीख 26 फरवरी 2026 बताई जा रही है. शादी उदयपुर के किसी खूबसूरत हेरिटेज पैलेस में होने की बात कही जा रही है, जो काफी प्राइवेट और इंटीमेट होगी.
बाद में हैदराबाद में इंडस्ट्री फ्रेंड्स के लिए रिसेप्शन भी प्लान किया जा सकता है. हाल ही में एक बड़ी खबर सामने आई है कि नेटफ्लिक्स ने इस जोड़े की शादी के वीडियो के एक्सक्लूसिव स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए 60 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था. यह रकम काफी बड़ी है, क्योंकि पहले नयनतारा और विग्नेश शिवन की शादी के डॉक्यूमेंट्री के लिए नेटफ्लिक्स ने 25 करोड़ दिए थे. इस नए ऑफर से यह रिकॉर्ड टूट सकता था और फैंस को उनके बड़े-से-बड़े वेडिंग को देखने का मौका मिलता.
लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार विजय देवरकोंडा और रश्मिका ने इस ऑफर को ठुकरा दिया है. वे प्राइवेसी को बहुत महत्व देते हैं और अपनी शादी के खास पल को सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों के साथ बांटना चाहते हैं, न कि इसे कमर्शियल बनाना. पिछले कुछ सेलिब्रिटी वेडिंग्स में वीडियो रिलीज होने से आई कानूनी और प्राइवेसी की समस्याओं से सीख लेते हुए वे सावधान रहना चाहते हैं.
स्रोतों का कहना है कि विजय ने कहा कि ये यादें अमूल्य हैं और इन्हें पैसे के लिए नहीं बेचा जा सकता. इस बीच रश्मिका हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर दिखीं. पैपराजी ने उनसे शादी के बारे में पूछा तो वे शरमा गईं और हंसते हुए टॉपिक बदल दिया. जब एक कैमरामैन ने कहा- 'हमें इनवाइट नहीं कर रही हैं?'
तो रश्मिका ने मजाक में कहा- 'किस बात के लिए?' और फिर फिल्म रिलीज की बात करने लगीं. लेकिन जब सीधे 26 फरवरी की डेट पूछी गई, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए सिर हिलाया, जिससे फैंस और एक्साइटेड हो गए. दोनों अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बोले हैं, लेकिन ये खबरें फैंस को काफी उत्साहित कर रही हैं. रश्मिका और विजय की केमिस्ट्री 'गीता गोविंदम' और 'डियर कॉमरेड' से शुरू हुई थी और अब उनकी रियल लाइफ लव स्टोरी फैंस के लिए सपनों जैसी लग रही है.