मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है फिल्म 'डॉन 3' का विवाद. रणवीर सिंह ने इस फिल्म से अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद प्रोडक्शन हाउस एक्सल एंटरटेनमेंट के साथ काफी तनाव की खबरें आईं. अब इस विवाद में एक सकारात्मक अपडेट सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक रणवीर सिंह एक्सल एंटरटेनमेंट को अपना साइनिंग अमाउंट वापस करने के लिए तैयार हो गए हैं.
बताया जा रहा है कि यह साइनिंग अमाउंट करीब 10 करोड़ रुपये के आसपास है. सिर्फ इतना ही नहीं, रणवीर सिंह ने प्रोडक्शन हाउस को और भी बड़ा वादा किया है. वे अपनी अगली फिल्म में एक्सल एंटरटेनमेंट को हिस्सेदारी (स्टेक) देने वाले हैं. इस फिल्म को अभी अस्थायी तौर पर 'प्रलय' नाम दिया गया है. हालांकि इस फिल्म में प्रोडक्शन हाउस को कितने प्रतिशत हिस्सा मिलेगा, यह अभी साफ नहीं है.
गौरतलब है कि रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' छोड़ने का फैसला स्क्रिप्ट से नाखुश होने की वजह से लिया था. रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वे कहानी और अपने रोल से संतुष्ट नहीं थे. इसके बाद मेकर्स ने उनसे 40 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगने की खबरें भी आई थीं. लेकिन अब दोनों पक्षों के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है.
रणवीर सिंह साइनिंग अमाउंट लौटाकर और नई फिल्म में स्टेक देकर विवाद को सुलझाने की कोशिश में हैं. अभी तक रणवीर सिंह, फरहान अख्तर या एक्सल एंटरटेनमेंट की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. फरहान अख्तर 'डॉन' फ्रैंचाइजी के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रहे हैं.
खबरों में यह भी कहा जा रहा है कि 'डॉन 3' में फरहान खुद एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. दूसरी ओर रणवीर सिंह इन दिनों अपनी सफलता का जश्न मना रहे हैं. उनकी हालिया फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की है. दिसंबर 2025 में रिलीज हुई 'धुरंधर' ने विश्व स्तर पर 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की.
वहीं मार्च 2026 में आए 'धुरंधर 2' ने अब तक 1750 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. दोनों फिल्में ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई हैं और रणवीर सिंह को सुपरस्टार के रूप में और मजबूत पोजीशन मिली है. फिलहाल 'डॉन 3' के भविष्य पर कोई स्पष्ट अपडेट नहीं है. क्या फरहान अख्तर नई कहानी और नए हीरो के साथ इस फ्रैंचाइजी को आगे बढ़ाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा.