menu-icon
India Daily

विशाल भारद्वाज की 'ओ रोमियो' की फीकी एडवांस बुकिंग, जानें फिर भी शाहिद कपूर ने कैसे तोड़ डाला खुद का 6 साल पुराना रिकॉर्ड

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ओ रोमियो ने वैलेंटाइन वीक में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है. पहले दिन 8 से 9 करोड़ की कमाई के साथ यह पिछले छह सालों में शाहिद की सबसे बड़ी ओपनिंग बन गई है.

babli
Edited By: Babli Rautela
विशाल भारद्वाज की 'ओ रोमियो' की फीकी एडवांस बुकिंग, जानें फिर भी शाहिद कपूर ने कैसे तोड़ डाला खुद का 6 साल पुराना रिकॉर्ड
Courtesy: X

मुंबई: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ओ रोमियो शुक्रवार को वैलेंटाइन वीक के दौरान सिनेमाघरों में पहुंची. ट्रेलर और गानों ने रिलीज से पहले ही चर्चा बना दी थी, लेकिन एडवांस बुकिंग उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं रही थी. लॉकडाउन के बाद से शाहिद का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पहले जैसा असरदार नहीं दिखा था. ऐसे में इस फिल्म से काफी उम्मीदें जुड़ी थीं.

फिल्म को शुरुआती तौर पर मिक्स रिव्यू मिले. हालांकि दर्शकों ने कास्ट की परफॉर्मेंस, म्यूजिक और एक्शन की तारीफ की. दोपहर बाद के शोज में सीटें भरने लगीं और सोशल मीडिया पर पॉजिटिव चर्चा ने फिल्म को गति दी. शुरुआती अनुमान 5 से 6 करोड़ के बीच लगाए जा रहे थे, लेकिन ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने पहले दिन 8 से 9 करोड़ रुपये की कमाई की. यह आंकड़ा उम्मीद से बेहतर माना जा रहा है.

6 साल बाद शाहिद की सबसे बड़ी ओपनिंग

शाहिद की पिछली बड़ी हिट कबीर सिंह रही थी, जिसने कई रिकॉर्ड बनाए. इसके बाद उनकी फिल्मों की ओपनिंग अपेक्षा से कम रही. पिछले छह सालों में उनकी सबसे बड़ी ओपनिंग लगभग 7 करोड़ के आसपास रही थी. अब ओ रोमियो ने उस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नई शुरुआत की है. यह निर्देशक विशाल भारद्वाज के करियर की भी सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जा रही है.

चूंकि फिल्म एक प्रेम कहानी है, इसलिए वैलेंटाइन डे के आसपास रिलीज होना इसके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. कपल्स और युवा दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है. अगर शुक्रवार दोपहर के बाद मिली रफ्तार शनिवार और रविवार को भी जारी रही, तो फिल्म मजबूत वीकेंड कलेक्शन दर्ज कर सकती है.

मुकाबले में कमजोर रही दूसरी फिल्म

इसी दिन रिलीज हुई फिल्म तू या मैं को दर्शकों से खास प्रतिक्रिया नहीं मिली. आने वाले हफ्तों में भी कोई बड़ी रिलीज सामने नहीं दिख रही है. ऐसे में ओ रोमियो के पास बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने का अच्छा मौका है. पहले दिन का प्रदर्शन शाहिद कपूर के लिए राहत भरी खबर है. अब सबकी नजर वीकेंड के आंकड़ों पर टिकी है. अगर फिल्म दर्शकों का दिल जीतने में सफल रही तो शाहिद के खाते में एक बड़ी हिट जुड़ सकती है.