मुंबई: सबरीमाला मंदिर के सोने से जुड़े विवाद में अब प्रवर्तन निदेशालय ने मशहूर मलयालम अभिनेता जयराम को तलब किया है. यह मामला सबरीमाला मंदिर के प्राचीन मूर्तियों और द्वारों से सोने के कथित गबन से जुड़ा है, जो पिछले साल से सुर्खियों में है. मामले की शुरुआत तब हुई जब सबरीमाला मंदिर के द्वारपाल मूर्तियों और श्रीकोविल के दरवाजों से सोने की प्लेटिंग के दौरान कुछ सोना गायब होने की शिकायत सामने आई.
केरल पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने इसकी जांच शुरू की. मुख्य आरोपी के रूप में बेंगलुरु के कारोबारी उन्नीकृष्णन पोट्टी का नाम सामने आया, जिन्हें मंदिर के कुछ धार्मिक आयोजनों और सोने की प्लेटिंग से जुड़ा बताया गया. पोट्टी को पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन हाल ही में उन्हें डिफॉल्ट बेल मिल गई, क्योंकि जांच एजेंसी 90 दिनों में चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई.
अभिनेता जयराम का नाम इस मामले में इसलिए आया क्योंकि 2019 का एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें जयराम को चेन्नई में उन्नीकृष्णन पोट्टी के साथ एक पूजा में हिस्सा लेते दिखाया गया था. आरोप है कि इस पूजा में मंदिर से लिए गए कुछ आर्टिफैक्ट्स का इस्तेमाल सोने की प्लेटिंग के लिए किया गया था. एसआईटी ने हाल ही में जयराम से उनके चेन्नई स्थित घर पर पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए. जांच में यह देखा गया कि जयराम और पोट्टी के बीच कितनी बार धार्मिक आयोजन हुए और क्या उनके बीच कोई वित्तीय लेन-देन हुआ.
अब ईडी ने इस मामले को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से देखते हुए जांच शुरू की है. ईडी का मानना है कि मंदिर के सोने का गबन हुआ तो उसकी रकम को कहीं और ट्रांसफर करने की कोशिश हो सकती है. इसी सिलसिले में ईडी ने जयराम को कोच्चि ऑफिस में पूछताछ के लिए समन जारी किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक जयराम को अगले हफ्ते, यानी 17 फरवरी को पेश होना है.
ईडी मुख्य रूप से जयराम और पोट्टी के बीच कथित वित्तीय संबंधों और लेन-देन की जांच करेगी. जयराम, जो 'कांतारा: चैप्टर 1' में राजा राजशेखर के किरदार में नजर आए थे, इस मामले में किसी भी गलत काम से इनकार कर चुके हैं. उन्होंने कहा है कि उनका पोट्टी से सिर्फ धार्मिक संबंध था और किसी कंपनी या गलत काम से कोई लेना-देना नहीं. यह मामला दक्षिण भारतीय सिनेमा और धार्मिक जगत में काफी चर्चा में है. सबरीमाला जैसे पवित्र मंदिर से जुड़े इस विवाद ने कई सवाल खड़े किए हैं. जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं.