बेटे की कब्र पर फूट फूटकर रोईं सेलिना जेटली, विदेशी बिजनेसमैन से शादी कर छोड़ा था देश; तलाक के बाद झेल रही हैं दर्द
सेलिना जेटली ने तलाक की सुनवाई के दौरान अपने बच्चों से दूर किए जाने का दर्द साझा किया है. ऑस्ट्रिया से शेयर किए गए वीडियो में वह अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र पर रोती नजर आईं.
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की, जिसने उनके फैंस को भी भावुक कर दिया है. सेलिना ने दावा किया कि तलाक की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया पहुंचने के बाद उन्हें अपने बच्चों से मिलने तक नहीं दिया गया है. इस दौरान वह अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र पर पहुंचीं और वहां उनका दर्द छलक पड़ा.
सेलिना जेटली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह अपने बेटे शमशेर की कब्र पर नजर आईं. वीडियो में उनका दर्द साफ दिखाई दे रहा था. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ हफ्ते उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिन रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह तलाक की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया गई थीं लेकिन वहां भी उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया गया. सेलिना ने दावा किया कि उनके बच्चों को किसी अज्ञात जगह पर ले जाया गया और अदालत में वादा किए जाने के बावजूद उन्हें वापस घर नहीं लाया गया.
बेटे की कब्र पर भावुक हुई सेलिना जेटली
अपने पोस्ट में सेलिना ने बेहद भावुक शब्दों में लिखा कि जिस इकलौते बच्चे से वह मिल पाईं वह उनका दिवंगत बेटा शमशेर था. उन्होंने कहा कि एक मां के तौर पर यह उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक अनुभव रहा. उन्होंने यह भी डर जताया कि इस पूरे विवाद का असर उनके बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर लंबे समय तक पड़ सकता है.
शादी और परिवार के लिए छोड़ा करियर
सेलिना ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि उन्होंने अपने परिवार और पति के करियर के लिए बहुत कुछ छोड़ा. उन्होंने लिखा कि वह भारत से दुबई, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया तक कई बार शिफ्ट हुईं ताकि अपने पति पीटर हाग के करियर को सपोर्ट कर सकें. उन्होंने दावा किया कि बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी भी उन्होंने अकेले संभाली. एक्ट्रेस ने कहा कि शादी और परिवार के लिए इतना सब करने के बावजूद अब उन्हें अपनी ही जिंदगी और बच्चों से दूर किया जा रहा है.
सेलिना जेटली ने अपने पति पीटर हाग पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि शादी से पहले की उनकी संपत्तियों को भी उनसे छीनने की कोशिश की जा रही है. उनका कहना है कि वह आपसी सहमति से अलग होना चाहती थीं लेकिन हर बार उनकी प्री मैरिज प्रॉपर्टी को लेकर नई नई मांगें रखी गईं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बच्चों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है और उन्हें उनसे बात करने तक नहीं दी जा रही.
बच्चों की कस्टडी को लेकर बढ़ा विवाद
सेलिना के मुताबिक अदालत के आदेश के बावजूद उन्हें अपने तीनों बच्चों से किसी भी तरह का संपर्क नहीं करने दिया जा रहा. उन्होंने कहा कि बच्चों को मीडिया की चुनिंदा खबरें दिखाकर उनके मन में गलत बातें भरी जा रही हैं. इससे मां और बच्चों के रिश्ते पर असर पड़ रहा है. एक्ट्रेस ने कहा कि वह सिर्फ अपने बच्चों की भलाई चाहती हैं और लगातार कानूनी तरीके से मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही हैं.
और पढ़ें
- 'वैलेंटाइन डे पर मुझे...', सेट पर उर्वशी रौतेला संग ऐसी हरकत करते थे नंदामुरी बालकृष्ण; एक्ट्रेस की बातों ने उड़ाए सबके होश
- Raja Shivaji Collection: राजा शिवाजी पर हुई पैसों की बारिश, छह दिनों में 50 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंची रितेश देशमुख की फिल्म
- ऋषि कपूर के जाने के बाद टूटी कपूर खानदान में सालों पुरानी परंपरा! 45 की उम्र में बेटी ने किया डेब्यू, पापा ने दी थी धमकी