मुंबई: कपूर खानदान दशकों से हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाता आया है. इस परिवार ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को कई बड़े सितारे दिए हैं. पृथ्वीराज कपूर से शुरू हुआ यह सफर राज कपूर, ऋषि कपूर और रणबीर कपूर तक पहुंचा. वहीं करिश्मा कपूर और करीना कपूर खान जैसी एक्ट्रेसेस ने भी इस विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. लेकिन इसी परिवार की एक बेटी लंबे समय तक फिल्मों और कैमरों से दूर रही है. वह थीं रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी.
अब 45 साल की उम्र में रिद्धिमा कपूर साहनी बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं. उनकी पहली फिल्म 'दादी की शादी' कल थिएटर में रिलीज होने वाली है. इस खबर के सामने आने के बाद हर कोई जानना चाहता है कि आखिर कपूर परिवार की बेटी इतने सालों तक फिल्मों से दूर क्यों रहीं.
अपने एक इंटरव्यू में नीतू कपूर ने खूद इस सवाल का जवाब दिया था. ऋषि कपूर की बायोग्राफी 'खुल्लम खुल्ला: ऋषि कपूर अनसेंसर्ड' में नीतू कपूर ने बताया था कि रिद्धिमा ने जानबूझकर एक्टिंग की दुनिया से दूरी बनाई थी क्योंकि वह अपने पिता की भावनाओं को समझती थीं. नीतू कपूर ने कहा था कि रिद्धिमा बचपन से जानती थीं कि अगर उन्होंने अपने पिता से फिल्मों में जाने की बात कही तो उन्हें बहुत दुख होगा. ऋषि कपूर अपनी बेटी को लेकर बेहद प्रोटेक्टिव थे. वह नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी उस दुनिया का हिस्सा बने जहां चमक दमक के पीछे कई कठिन सच्चाइयां छिपी होती हैं.
नीतू कपूर के मुताबिक ऋषि कपूर एक्ट्रेसेस के खिलाफ नहीं थे. उन्होंने खुद अपनी जिंदगी फिल्म इंडस्ट्री में बिताई थी और नीतू कपूर भी एक सफल एक्ट्रेस थीं. लेकिन जब बात अपनी बेटी की आती थी तो वह बेहद भावुक हो जाते थे. उन्हें डर था कि ग्लैमर की दुनिया का दबाव और संघर्ष उनकी बेटी को परेशान कर सकता है.
रिद्धिमा कपूर ने भी अपने पिता की भावनाओं का सम्मान किया. उन्होंने कभी फिल्मों में आने की जिद नहीं की. जबकि परिवार और इंडस्ट्री से जुड़े लोग मानते थे कि उनमें अभिनय की पूरी क्षमता थी. नीतू कपूर ने बताया था कि रिद्धिमा बहुत खूबसूरत और टैलेंटेड हैं. उनकी मिमिक्री और स्क्रीन प्रेजेंस किसी भी एक्ट्रेस को टक्कर दे सकती थी.
बता दें की रिद्धिमा अब फिल्म दादी की शादी से अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं. खास बात यह है कि इस फिल्म में उनकी मां नीतू कपूर भी नजर आएंगी. फिल्म को एक पारिवारिक मनोरंजन के रूप में पेश किया जा रहा है. इसमें कपिल शर्मा, आर सरथकुमार और सादिया खतीब जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे.
इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसमें ऋषि कपूर और नीतू कपूर की पोती समायरा साहनी भी कैमियो करती नजर आएंगी. यानी यह फिल्म कपूर परिवार की तीन पीढ़ियों को एक साथ जोड़ने का काम कर रही है.