'मेरे पापा मंत्री हैं...', धोनी से मिलने के लिए दरवाजे पर खड़े रहे इस नेता के बच्चे; मजेदार वीडियो आया सामने
सिंगर और राजनेता बाबुल सुप्रियो ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो शेयर किया, जिसने लोगों को खूब हंसाया. बाबुल सुप्रियो ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किया है.
नई दिल्ली: सिंगर और राजनेता बाबुल सुप्रियो ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो शेयर किया, जिसने लोगों को खूब हंसाया. इस वीडियो में उनके बच्चे कुछ ऐसा करने की कोशिश करते नजर आते हैं, जिसका सपना आज भी करोड़ों लोग देखते हैं. वे भारत के दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी से मिलने रांची स्थित फार्म हाउस के बाहर पहुंच जाते हैं. हालांकि, आम लोगों की तरह बाबुल सुप्रियो के बच्चों की यह कोशिश भी सफल नहीं हो पाती, लेकिन इस पूरी घटना में जो मासूमियत, ड्रामा और मजाक देखने को मिला, उसने सभी का दिल जीत लिया.
बाबुल सुप्रियो ने शेयर किया वीडियो
बाबुल सुप्रियो ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किया है. वीडियो के साथ उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा भी बताया. उन्होंने लिखा कि यह घटना रांची में एमएस धोनी के घर के गेट के सामने की है. वीडियो में दिख रहे बच्चे उनकी छोटी बेटी नैना और उसका कजिन भाई गोलू हैं. दोनों अपने दादा-दादी के साथ रांची घूमने आए थे और इसी दौरान धोनी से मिलने की ख्वाहिश उनके मन में आ गई.
धोनी से मिलने पहुंचे बच्चे
बाबुल ने बताया कि बच्चों ने धोनी से मिलने के लिए पहले गेट पर मौजूद वॉचमैन से बातचीत की. इसके बाद उन्होंने अपने पापा का विजिटिंग कार्ड भी दे दिया और मासूमियत से कहा कि मेरे पापा भी मंत्री है. बच्चों को लगा कि शायद इससे बात बन जाए, लेकिन जाहिर है कि यह तरीका काम नहीं आया और उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली.
बाबुल सुप्रियो से मांगी मदद
इसके बाद बच्चों ने बाबुल सुप्रियो को फोन कर मदद मांगी. उन्होंने धोनी का नंबर पाने के लिए अपने दिमाग में आने वाले सभी नाम गिनाने शुरू कर दिए. बाबुल ने लिखा कि जिस तरह से बच्चे अलग-अलग लोगों के नाम लेते जा रहे थे, वह वाकई बहुत मजेदार था. जब बाबुल ने उन्हें समझाया कि धोनी से मिलना आसान नहीं है, उनके पास बहुत कम लोगों का ही नंबर होता है और वे फोन भी कम इस्तेमाल करते हैं, तो बच्चों को यह बात बिल्कुल पसंद नहीं आई.
सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए बाबुल
बाबुल सुप्रियो ने मजाकिया अंदाज में बताया कि इसके बाद बच्चों ने उन्हें लगातार मैसेज और वॉइस नोट्स भेजे और यहां तक कि उन्हें 'डंबो' तक कह दिया. इस पूरे मामले में बाबुल को सोशल मीडिया पर भी हल्का-फुल्का ट्रोल होना पड़ा, जिसे उन्होंने खेल भावना के साथ लिया.
अपने पोस्ट में बाबुल ने यह भी लिखा कि उन्हें एमएस धोनी के लिए हर उम्र के लोगों की दीवानगी देखकर बहुत अच्छा लगता है. उन्होंने कहा कि यह देखकर दिल खुश हो जाता है कि धोनी को हर पीढ़ी से इतना प्यार और सम्मान मिलता है. बाबुल ने यह भी माना कि उन्हें थोड़ा अफसोस हुआ कि वे अपने बच्चों के लिए कुछ नहीं कर पाए, लेकिन सच्चाई यही थी कि वे कर भी नहीं सकते थे.
कई हिट गाने गाए
बाबुल सुप्रियो ने बॉलीवुड और कई भाषाओं में कई हिट गाने गाए हैं. 'दिल ने दिल को पुकारा', 'हम तुम' और 'मैं इश्क उसका' जैसे गाने आज भी लोगों की पसंद बने हुए हैं. फिलहाल, वे पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स, सार्वजनिक उपक्रम और औद्योगिक पुनर्निर्माण मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं.