menu-icon
India Daily

मुर्शिदाबाद में चुनावी हिंसा! हुमायूं कबीर और TMC कार्यकर्ताओं में जोरदार झड़प, पुलिस से भी धक्कामुक्की; VIDEO वायरल

पश्चिम बंगाल चुनाव में मुर्शिदाबाद के नओडा इलाके में AUJP नेता हुमायूं कबीर और TMC समर्थकों के बीच झड़प हो गई. कल कच्चा बम फेंके जाने की घटना के बाद आज हुमायूं कबीर के दौरे के दौरान धक्का-मुक्की हुई.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
मुर्शिदाबाद में चुनावी हिंसा! हुमायूं कबीर और TMC कार्यकर्ताओं में जोरदार झड़प, पुलिस से भी धक्कामुक्की; VIDEO वायरल
Courtesy: ani

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की वोटिंग जारी है, लेकिन मुर्शिदाबाद से एक बार फिर हिंसक घटना की खबर आई है. AUJP के संस्थापक हुमायूं कबीर कल कच्चे बम फेंके जाने वाली जगह का दौरा करने पहुंचे, जहां TMC कार्यकर्ताओं के साथ उनकी और उनके समर्थकों की तीखी झड़प हो गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष आमने-सामने थे और धक्का-मुक्की हो रही थी. पुलिस और अर्धसैनिक बलों को स्थिति संभालने में काफी समय लगा. 

क्या था झड़प का कारण?

हुमायूं कबीर उस इलाके में पहुंचे थे जहां कल रात कच्चा बम फेंका गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि नओडा के बूथ नंबर 9 और 10 पर रात में कुछ गड़बड़ी हुई और स्थानीय पुलिस का बैग भी छीना गया. TMC कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई.

पुलिस का बयान

मुर्शिदाबाद के एएसपी माजिद खान ने कहा कि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और कहीं कोई बड़ी घटना नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. झड़प के बाद स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया गया.

यहां देखें वीडियो

हुमायूं कबीर का बयान

AUJP नेता हुमायूं कबीर ने कहा कि नओडा, रेजीनगर और मुर्शिदाबाद की सभी 22 सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है. उन्होंने कल की कच्चे बम फेंकने की घटना पर कहा कि कोशिश की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ. उन्होंने सभी से अपील की कि चुनाव में शांति बनाए रखें और किसी को धमकाने या मारने का कोई इरादा नहीं है.

सुबह 9 बजे तक 18.76 प्रतिशत मतदान

पश्चिम बंगाल में सुबह 9 बजे तक औसतन 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मुर्शिदाबाद के डोमकल क्षेत्र में कुछ मतदाताओं ने TMC पर धमकी देने का आरोप लगाया है. पश्चिम मेदिनापुर में 20.5%, बांकुरा में 20.2% और झारग्राम में 19.8% मतदान हुआ. कुल मिलाकर चुनावी प्रक्रिया अभी शांतिपूर्ण बनी हुई है.