menu-icon
India Daily

'बंगाल में अब बस राफेल की तैनाती बाकी रह गई', अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर कसा तंज

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बंगाल में अब बस राफेल की तैनाती बाकी रह गई है. केंद्रीय सुरक्षा बलों की भारी तैनाती पर सवाल उठाते हुए अभिषेक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी तंज कसा और दावा किया कि TMC इस बार 2021 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'बंगाल में अब बस राफेल की तैनाती बाकी रह गई', अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर कसा तंज
Courtesy: social media

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया बुधवार को जोरों पर है. 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग चल रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. लेकिन तृणमूल कांग्रेस इस भारी सुरक्षा व्यवस्था से काफी नाराज नजर आ रही है. पार्टी के महासचिव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग की तैयारियों पर करारा तंज कसा. उन्होंने कहा कि बंगाल में सुरक्षा बलों की इतनी बड़ी तैनाती देखकर लगता है जैसे युद्ध का माहौल हो.

अभिषेक बनर्जी का तंज

अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'बंगाल में अब बस राफेल डिप्लॉय करना बाकी रह गया था. आईएनएस के वॉरशिप भी डिप्लॉय करना बाकी है.' उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमा पर जितनी तैनाती होनी चाहिए थी, वह तैनाती बंगाल के लोगों पर की जा रही है. उनका कहना था कि यह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है.

मुख्य चुनाव आयुक्त पर हमला

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार, आपको जिसे उतारना है उतार लो. हम यहां भारी तादाद से चुनाव जीतेंगे.' उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस इस बार 2021 से भी अधिक सीटें जीतेगी. उनका बयान काफी आक्रामक रहा और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है.

ममता बनर्जी का बयान

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ते हुए कहा कि बाहर से इतने ऑब्जर्वर भेजे गए हैं जो भाजपा की बात मान रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं और सुरक्षा बल आतंक फैला रहे हैं. ममता ने पूछा, 'क्या चुनाव इसी तरह होते हैं? वोट तो वोटर डालेंगे, न कि पुलिस.'

भारी सुरक्षा व्यवस्था

दूसरे चरण में 7 जिलों की 142 सीटों पर मतदान हो रहा है. चुनाव आयोग ने यहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की हैं, जिनमें कोलकाता में सबसे ज्यादा 273 कंपनियां हैं. इसके अलावा 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक भी लगाए गए हैं. ड्रोन की मदद से भी निगरानी की जा रही है. कुल 3.21 करोड़ मतदाता 41,001 बूथों पर वोट डाल रहे हैं.

पहले चरण का रिकॉर्ड मतदान

पहले चरण में 23 अप्रैल को 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य में अब तक का सबसे ऊंचा प्रतिशत है. 2021 के चुनाव में इन 142 सीटों में से TMC ने 123 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को सिर्फ 18 सीटें मिली थीं. इस चरण में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच मुख्य मुकाबला है.