पश्चिम बंगाल में आज दूसरा चरण मतदान जारी है. पहले चरण मतदान के दौरान 91.4 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जिसके कारण मतदाताओं और उम्मीदवारों में जोश नजर आ रहा है. इस चरण में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है. जिसमें से सबसे ज्यादा चर्चा भवानीपुर सीट को लेकर है.
टीएमसी की ओर से भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी हैं. वहीं बीजेपी की ओर से पार्टी के बड़े नेता शुभेंदु अधिकारी लड़ रहे है. 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने सीएम बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हरा दिया था. हालांकि बाद में उन्होंने सितंबर 2021 में भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी.
चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार, मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6:30 बजे से मीडिया प्लेटफॉर्म्स एग्जिट पोल के नतीजे प्रसारित होने शुरू हो जाएंगे. आयोग ने साफ चेतावनी दी है कि इससे पहले कोई भी सर्वे या अनुमान जारी नहीं किया जा सकता है. ऐसा करने वालों पर दो साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है. यह आदेश इसलिए दिया गया है ताकी चुनाव शांति से पूरी हो सके.
विभिन्न सर्वे एजेंसियां शाम को मतदान खत्म होने के आधे घंटे बाद से अपने अनुमान पेश करना शुरू कर देंगी. हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस साल का एग्जिट पोल काफी दिलचस्प रहने वाला है, लेकिन पिछले चुनावों में कई अनुमान गलत साबित हुए थे. 2021 के विधानसभा चुनाव में ज्यादातर एग्जिट पोल ने टीएमसी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया था.
सीवोटर ने टीएमसी को 152-164 सीटें और भाजपा को 109-121 सीटें दी थीं. डीबी लाइव ने टीएमसी को 194 और भाजपा को 73 सीटों का अनुमान जताया. एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा को बढ़त देते हुए 134-160 सीटें बताईं, जबकि टीएमसी को 130-156 के आसपास. पोल ऑफ पोल्स में टीएमसी को 156 और भाजपा को 121 सीटें मिली थीं. लेकिन 2 मई 2021 को जब नतीजे घोषित हुए तो ममता बनर्जी की टीएमसी ने 215 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा सिर्फ 77 सीटों पर सिमट गई.
इसने एग्जिट पोल की सटीकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे. पश्चिम बंगाल में साइलेंट वोटरों की संख्या काफी अधिक मानी जाती है. सर्वे एजेंसियां अक्सर इन मतदाताओं के मन को ठीक से नहीं पढ़ पातीं. इस बार SIR और आरजी कर जैसी घटनाएं लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है, ऐसे में एग्जिट पोल मतदाताओं के दिमाग को कितना पढ़ पाएगा यह देखना काफी दिलचस्प होने वाला है.