menu-icon
India Daily

दुनिया का सबसे अनोखा शहर, यहां लगभग हर घर में पैदा होते हैं जुड़वा बच्चे; वजह जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान

नाइजीरिया का Igbo-Ora शहर जुड़वां बच्चों के सबसे ज्यादा जन्म के लिए प्रसिद्ध है, इसलिए इसे 'Twin Capital of the World' कहा जाता है. चलिए जानते हैं क्या है इसकी वजह.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दुनिया का सबसे अनोखा शहर, यहां लगभग हर घर में पैदा होते हैं जुड़वा बच्चे; वजह जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं जो अपने अनोखी घटनाओं के लिए जानी जाती हैं लेकिन नाइजीरिया का Igbo-Ora शहर अपनी एक बेहद खास पहचान के कारण पूरी दुनिया में मशहूर है. इसे 'Twin Capital of the World' यानी जुड़वां बच्चों की दुनिया की राजधानी कहा जाता है.

यह शहर नाइजीरिया के ओयो राज्य में स्थित है और यहां जुड़वां बच्चों का जन्म असामान्य नहीं बल्कि एक सामान्य घटना माना जाता है. आंकड़ों के अनुसार यहां हर 1000 जन्मों में लगभग 158 बच्चे जुड़वां होते हैं, जो वैश्विक औसत से कई गुना ज्यादा है. आमतौर पर जुड़वां बच्चों का जन्म एक दुर्लभ संयोग माना जाता है लेकिन Igbo-Ora में यह एक सामान्य पारिवारिक अनुभव बन चुका है.

स्थानीय लोगों का क्या है मानना?

स्थानीय लोगों के बीच यह धारणा है कि यहां की विशेष खानपान आदतें, खासकर याम यानी एक प्रकार की जड़ वाली सब्जी का अधिक सेवन, जुड़वां बच्चों के जन्म की संभावना को बढ़ाता है. हालांकि वैज्ञानिक रूप से इस दावे की पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है लेकिन कई शोधकर्ता इस विषय पर अध्ययन कर चुके हैं और मानते हैं कि यहां के पर्यावरण और आनुवंशिक कारण भी इसके पीछे हो सकते हैं.

जुड़वां बच्चों के जन्म का जश्न कैसे करते हैं आयोजित?

Igbo-Ora में हर साल जुड़वां बच्चों के जन्म का जश्न मनाने के लिए एक खास फेस्टिवल भी आयोजित किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से लोग हिस्सा लेने पहुंचते हैं. इस आयोजन में जुड़वां बच्चे पारंपरिक कपड़ों में भाग लेते हैं और इसे स्थानीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है.

दुनिया के अन्य हिस्सों में भी जुड़वां बच्चों के जन्म के आंकड़े मौजूद हैं, लेकिन वे Igbo-Ora जितने अधिक नहीं हैं. उदाहरण के तौर पर अमेरिका में हर 1000 जन्मों में करीब 33 जुड़वां बच्चे होते हैं, जबकि यूरोप में यह आंकड़ा लगभग 16 प्रति 1000 है.

क्या भारत में भी है ऐसी जगह?

भारत में भी इस विषय को लेकर कोडिन्ही गांव चर्चा में रहता है, जो केरल के मलप्पुरम जिले में स्थित है. यहां प्रति 1000 जन्मों में करीब 45 जुड़वां बच्चे पैदा होते हैं, जो भारतीय औसत से काफी ज्यादा है. पूरे भारत में औसतन यह संख्या करीब 9 प्रति 1000 है.

जुड़वां बच्चों के अलावा, एक साथ तीन या उससे अधिक बच्चों का जन्म यानी ट्रिपलेट या मल्टीपल बर्थ और भी दुर्लभ माने जाते हैं. हालांकि दुनिया में ऐसे भी कई उदाहरण हैं जहां एक ही मां ने एक साथ तीन, चार या पांच बच्चों को जन्म दिया है.

Igbo-Ora की यह खासियत इसे दुनिया के सबसे अनोखे शहरों में शामिल करती है और आज भी यह वैज्ञानिकों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.