नई दिल्ली: यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एक नई आधार ऐप लॉन्च की है. इस ऐप का मकसद भारतीय नागरिकों को अपना आधार कार्ड सुरक्षित रूप से स्टोर करने और दूसरों के साथ शेयर करने में मदद करना है. यह ऐप एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. यह mAadhaar ऐप के साथ काम करता है, जो ज्यादातर डिटेल्स वेरिफाई करने, ID डाउनलोड करने और फिजिकल आधार कार्ड ऑर्डर करने की जगह के तौर पर काम करता है.
लोगों को सबसे पहले यह समझना बेहद जरूरी है कि नई आधार ऐप मौजूदा mAadhaar ऐप को रिप्लेस नहीं कर रही है. नई ऐप में पुरानी ऐप जितने फीचर्स नहीं हैं, जिसमें डिजिटल कार्ड डाउनलोड करना, PVC कार्ड ऑर्डर करना, ईमेल और मोबाइल वेरिफाई करना, और वर्चुअल ID जेनरेट करना आदि शामिल हैं. इस ऐप पर आप अपना आधार कार्ड स्टोर कर सकते हैं और उसे किसी को दिखा भी सकते हैं.
नागरिक इस ऐप में कई आधार कार्ड रख सकते हैं. इसमें आप और आपके परिवार के सदस्यों की डिटेल्स स्टोर रह सकती हैं. इसकी लिमिट 5 प्रोफाइल तक की है. यह नई आधार ऐप उन्हें अपने स्मार्टफोन पर सभी डिटेल्स एक्सेस करने और डाटा को वेरिफाएबल क्रेडेंशियल फॉर्मेट में शेयर करने की सुविधा भी देता है.
यूजर्स डाटा को सुरक्षित करने के लिए बायोमेट्रिक लॉक भी एड कर सकते हैं. एक बार इनेबल होने के बाद बायोमेट्रिक्स तब तक लॉक रहते हैं जब तक कार्ड होल्डर सिस्टम को टेम्पररी रूप से अनलॉक या डिसेबल नहीं कर देता. इसके बाद अपडेटेड प्रोफाइल डाटा भी दिखाता है. इसके अलावा, इस ऐप के जरिए QR कोड और वेरिफाएबल क्रेडेंशियल शेयर करना भी आसान हो जाता है. इसके अलावा यूजर्स किसी भी सर्विस या ट्रांजैक्शन के लिए ऐप में आधार से जुड़े QR कोड स्कैन कर सकते हैं.
ऐप का इस्तेमाल करने के लिए, आपको सबसे पहले इसे प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड और इंस्टॉल करना होगा.
इसके बाद आपको अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी. फिर अपना 12 अंकों का आधार नंबर एटर करना होगा.
इसके बाद ऐप आपसे आपके आधार-रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से एक SMS भेजने के लिए कहेगा.
फिर आपके पास जो ओटीपी आएगा, जिसे आपको एंटर करना होगा. इसके बाद आपको फेस ऑथेंटिकेशन करने के लिए रीडायरेक्ट किया जाएगा.
फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करने के बाद, आपको 6 अंकों का पासवर्ड डालना होगा.
बस इसके बाद आपका काम हो जाएगा. अब आप ऐप के प्रोफाइल पेज पर अपना आधार कार्ड देख सकते हैं.
आप चाहें तो इसे मास्क भी कर सकते हैं. इसे शेयर भी कर सकते हैं और बायोमेट्रिक लॉक भी लगा सकते हैं.
इसी प्रोसेस को दोहराकर आप चार और आधार प्रोफाइल जोड़ सकते हैं.