menu-icon
India Daily

अमेरिका में अक्टूबर में 20 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची छंटनी, 10 कंपनियों ने छीनी हजारों कर्मचारियों की नौकरी

अक्टूबर 2025 में अमेरिका में 1.53 लाख से अधिक नौकरियां गईं, जो दो दशक में सबसे बड़ा आंकड़ा है. एआई अपनाने और लागत कटौती की वजह से प्रमुख टेक और रिटेल कंपनियों ने बड़े पैमाने पर छंटनी की है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
अमेरिका में अक्टूबर में 20 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची छंटनी, 10 कंपनियों ने छीनी हजारों कर्मचारियों की नौकरी
Courtesy: social media

अमेरिकी कॉरपोरेट सेक्टर में अक्टूबर 2025 का महीना नौकरी बाजार के लिए सबसे कठिन साबित हुआ. आंकड़ों के मुताबिक, सिर्फ एक महीने में 1,53,074 कर्मचारियों की नौकरियां चली गईं, जो 20 साल का सबसे ऊंचा स्तर है. 

यह गिरावट मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अपनाने, घटते कॉर्पोरेट खर्च और लागत कम करने के प्रयासों से जुड़ी है. अमेजन, यूपीएस, इंटेल और टारगेट जैसी कंपनियों ने हजारों कर्मचारियों को निकालने का ऐलान किया है.

टेक और रिटेल सेक्टर पर एआई का असर

टेक्नोलॉजी और रिटेल सेक्टर इस छंटनी के सबसे बड़े शिकार बने हैं. अक्टूबर में हुई 1.53 लाख नौकरी कटौती सितंबर की तुलना में 183% अधिक रही. 2024 के मुकाबले यह बढ़ोतरी 175% दर्ज की गई. रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से अब तक 10.99 लाख लोगों की नौकरियां जा चुकी हैं, जो पिछले साल की तुलना में 65% ज्यादा है. विशेषज्ञों के मुताबिक, यह प्रवृत्ति बताती है कि एआई अपनाने से पारंपरिक भूमिकाओं की आवश्यकता तेजी से घट रही है.

अमेजन और यूपीएस में सबसे बड़े कट

ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ने अपने कॉर्पोरेट कर्मचारियों में से करीब 14,000 पद खत्म किए हैं, जो आगे बढ़कर 30,000 तक पहुंच सकते हैं. वहीं, डिलीवरी कंपनी यूपीएस ने 48,000 कर्मचारियों की छंटनी की है. कंपनी ने यह कदम ऑटोमेशन बढ़ाने और अमेजन पैकेज डिलीवरी सेवाओं में कमी लाने के लिए उठाया है. यूपीएस का कहना है कि 35 से अधिक केंद्रों में स्वचालन तकनीक के आने से कर्मचारियों की आवश्यकता कम हुई है.

इंटेल, माइक्रोसॉफ्ट और मेटा में भी बड़े बदलाव

चिप निर्माता इंटेल ने 20,000 कर्मचारियों को निकालते हुए अपने ढांचे को फिर से व्यवस्थित करने की घोषणा की है. माइक्रोसॉफ्ट ने भी 6,000 नौकरियां खत्म कीं, जिनमें LinkedIn और AI विभाग के कई पद शामिल हैं. मेटा ने अपने AI लैब्स से 600 कर्मचारियों को हटाया. कंपनी ने कहा कि यह कदम संगठन में ओवरलैपिंग प्रोजेक्ट्स को खत्म करने के लिए उठाया गया है.

सेल्सफोर्स, चेग और रिवियन भी प्रभावित

क्लाउड कंपनी सेल्सफोर्स ने 4,000 ग्राहक सहायता भूमिकाएं खत्म कीं, जबकि ऑनलाइन एजुकेशन प्लेटफॉर्म चेग ने 45% कर्मचारियों की छंटनी की, यह कहते हुए कि 'AI अब पारंपरिक शिक्षा मॉडल को बदल रहा है.' इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी रिवियन ने भी 600 नौकरियां काटीं, जो इस साल की तीसरी लेऑफ राउंड थी. ऑटोमोटिव सेक्टर में अक्टूबर में 3,400 से ज्यादा पद खत्म हुए.

नौकरी बाजार पर बढ़ती चिंता

रिपोर्ट बताती है कि लागत कटौती अक्टूबर की 50,000 से अधिक छंटनियों का सबसे बड़ा कारण रही, जबकि एआई अपनाने की वजह से 31,000 नौकरियां खत्म हुईं. इस साल कुल 48,000 से अधिक पद केवल एआई इंटीग्रेशन के कारण प्रभावित हुए हैं. साल-दर-साल भर्ती में 35% की गिरावट आई है, जो 2011 के बाद सबसे कम है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर स्थिति नहीं सुधरी, तो अमेरिका का नौकरी बाजार आने वाले महीनों में और ठंडा पड़ सकता है.