Amazon to cut fifteen percent of HR jobs: AI के बढ़ते प्रभाव के बीच, अमेजन अब अपने कार्यबल में बड़े पैमाने पर बदलाव लाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. कंपनी ने अपने HR विभाग में 15 प्रतिशत नौकरियों को खत्म करने की योजना बनाई है.
यह वही विभाग है जो कंपनी के वैश्विक भर्ती, टेक्नोलॉजी सपोर्ट और मानव संसाधन संचालन को संभालता है. हालांकि, यह छंटनी केवल HR तक सीमित नहीं रहेगी- कंपनी के अन्य प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों पर भी इसका असर पड़ सकता है.
अमेजन की पीपल एक्सपीरियंस एंड टेक्नोलॉजी (PXT) टीम, जिसमें करीब 10,000 कर्मचारी काम करते हैं, इस बार की छंटनी की मुख्य लक्ष्य होगी. Fortune की रिपोर्ट के अनुसार, इस टीम में भर्ती, तकनीकी सहायता और अन्य एचआर भूमिकाएं शामिल हैं. अमेजन का कहना है कि कंपनी अपने मानव संसाधन ढांचे को 'AI-केंद्रित' बनाने की दिशा में कदम उठा रही है ताकि कार्यप्रणाली में अधिक दक्षता हासिल की जा सके.
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब टेक सेक्टर में रोजगार का बाजार लगातार कमजोर पड़ रहा है. गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और मेटा जैसी कंपनियां भी AI के जरिए लागत घटाने और कर्मचारियों की संख्या कम करने में जुटी हैं. अमेजन ने भी इस साल अपने क्लाउड और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर 100 अरब डॉलर से अधिक का निवेश तय किया है. इसका सीधा मतलब है- कंपनी अब उन कामों में मानव हस्तक्षेप घटा रही है, जिन्हें AI से आसानी से किया जा सकता है.
अमेजन के सीईओ एंडी जैसी ने जून में एक आंतरिक नोट में कहा था कि कंपनी AI टूल्स को अपनाने के साथ-साथ 'कुल कॉर्पोरेट वर्कफोर्स' को भी घटाएगी. जैसी के मुताबिक, 'जो लोग AI को समझेंगे, उसका इस्तेमाल कर कंपनी की दिशा बदलने में मदद करेंगे, वे भविष्य के लिए सुरक्षित रहेंगे. लेकिन जो इस बदलाव के साथ नहीं चल पाएंगे, उनके लिए जगह सीमित होगी.' उन्होंने स्पष्ट किया था कि कंपनी धीरे-धीरे 'AI के जरिए दक्षता बढ़ाकर कर्मचारियों की संख्या कम' करेगी.
यह पहली बार नहीं है जब अमेजन ने इतने बड़े स्तर पर नौकरियां खत्म करने का फैसला लिया हो. 2023 में कंपनी ने 27,000 से अधिक कॉर्पोरेट नौकरियों में कटौती की थी- जो अमेजन के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी छंटनी थी. इस साल की शुरुआत में भी कंपनी ने अपनी कंज्यूमर डिवाइसेज यूनिट, Wondery पॉडकास्ट डिवीजन और AWS टीम से कर्मचारियों को हटाया था. वहीं, कंपनी ने हाल ही में अमेरिका में 2.5 लाख सीजनल कर्मचारियों की भर्ती का ऐलान किया है, जो त्योहारों के दौरान लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी संचालन को संभालेंगे.
अमेज़न की नई छंटनी यह संकेत देती है कि AI केवल भविष्य का औजार नहीं, बल्कि अब नौकरी संरचना को पुनर्परिभाषित करने वाला तत्व बन चुका है. कंपनी का ध्यान अब दक्षता और स्वचालन पर है- और इसका असर सीधे उन कर्मचारियों पर पड़ रहा है जो पारंपरिक कार्यशैली का हिस्सा रहे हैं.