नई दिल्ली: जो युवा बैंकिंग और आर्थिक क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए अच्छी खबर है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ग्रेड-B अधिकारियों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. कुल 60 पद भरे जाएंगे, जिसमें जनरल के अलावा DEPR और DSIM जैसे विशेष कैडर शामिल हैं. आवेदन प्रक्रिया आज 29 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और 20 मई तक चलेगी. यह भर्ती उन युवाओं के लिए खास है जो स्थिर सरकारी नौकरी के साथ अच्छी सैलरी और प्रतिष्ठा चाहते हैं.
RBI सर्विस बोर्ड ने 28 अप्रैल को आधिकारिक अधिसूचना जारी की. इसमें जनरल कैडर, डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिसी रिसर्च (DEPR) और डिपार्टमेंट ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट (DSIM) के लिए कुल 60 पदों की भर्ती की जा रही है.
उम्मीदवार RBI की आधिकारिक वेबसाइट opportunities.rbi.org.in पर जाकर 29 अप्रैल से 20 मई 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. यह भर्ती सीधी भर्ती (DR) के तहत हो रही है.
जनरल पद के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. न्यूनतम 60% अंक जरूरी हैं, जबकि SC, ST और PwBD उम्मीदवारों के लिए यह 50% रखा गया है. यदि उम्मीदवार ने पोस्ट ग्रेजुएशन किया है तो उसमें 55% अंक होने चाहिए (आरक्षित वर्ग के लिए पास मार्क्स पर्याप्त). आयु सीमा सामान्यतः 21 से 30 वर्ष है. यह पद उन सभी स्नातकों के लिए अच्छा विकल्प है जो बैंकिंग क्षेत्र में प्रवेश चाहते हैं.
DEPR पद अर्थशास्त्र या फाइनेंस में मास्टर डिग्री वाले उम्मीदवारों के लिए है. न्यूनतम 55% अंक चाहिए (आरक्षित वर्ग के लिए 50%). PhD या रिसर्च अनुभव वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी. DSIM पद के लिए स्टैटिस्टिक्स, मैथमेटिक्स या डेटा साइंस में मास्टर डिग्री जरूरी है. 55% अंक अनिवार्य हैं. चार वर्षीय ग्रेजुएशन कोर्स करने वालों को 60% अंकों के साथ मौका मिल सकता है. उच्च शिक्षा वाले उम्मीदवारों को यहां भी फायदा होगा.
सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 1003 रुपये (18% GST सहित) देने होंगे. SC/ST/PwBD उम्मीदवारों को केवल 118 रुपये सूचना शुल्क देना होगा. RBI कर्मचारियों को कोई फीस नहीं लगेगी. चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती बेसिक सैलरी 78,450 रुपये प्रतिमाह मिलेगी. इसके अलावा DA, HRA, ग्रेड पे और अन्य भत्ते मिलेंगे, जिससे कुल सैलरी डेढ़ लाख के करीब हो जाती है.
फीस ऑनलाइन जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें. फॉर्म भरते समय सभी जानकारी सही-सही भरें ताकि बाद में कोई समस्या न हो.