देहरादून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में देहरादून पुलिस लाइन में शुक्रवार को 'रन फॉर योगा' कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और रन में दौड़कर योग के संदेश को मजबूती दी.
सीएम धामी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग को आम लोगों तक पहुंचाने का बड़ा अभियान है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से योग करें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं. मुख्यमंत्री ने योग को शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का आधार बताया.
देहरादून में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित "रन फॉर योग" कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान 'रन फॉर योग' का फ्लैग ऑफ कर बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर रहे युवाओं के उत्साहवर्धन हेतु उनके साथ दौड़ भी लगाई।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की दूरदर्शी… pic.twitter.com/dXfo4M2pND
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 19, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग और आध्यात्म की भूमि रही है. यहां ऋषि-मुनियों ने तपस्या की और योग की प्राचीन परंपरा को आगे बढ़ाया. प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण योग अभ्यास के लिए सबसे उपयुक्त है. योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है जो तनाव कम करती है और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाती है.
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र में योग प्रस्ताव पास हुआ और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया. आज पूरी दुनिया के 190 से ज्यादा देशों में करोड़ों लोग योग कर रहे हैं. यह भारत की प्राचीन संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता है.
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, आयुष सचिव रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में योग प्रेमी नागरिक मौजूद रहे.