आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलने को लेकर की गई घोषणा अब आधिकारिक रूप से लागू हो गई है. भारत सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर एयरपोर्ट का नया नाम श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर घोषित कर दिया है. इस फैसले के बाद पंजाब समेत देश और विदेश में बसे गुरु रविदास महाराज जी के अनुयायियों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर स्थित डेरा बल्लां के दौरे के दौरान इस नाम परिवर्तन की घोषणा की थी. संत समाज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्होंने आदमपुर हवाई अड्डे को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी के नाम से जोड़ने की बात कही थी. अब केंद्र सरकार की अधिसूचना जारी होने के साथ यह फैसला औपचारिक रूप से प्रभावी हो गया है.
नाम परिवर्तन को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं और विचारधारा के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है. गुरु रविदास जी ने समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया था, जिसने समाज को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सरकार के इस कदम को उनके संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है.
भाजपा पंजाब कोर कमेटी सदस्य अविनाश चंद्र क्लेर ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि आदमपुर हवाई अड्डे को गुरु रविदास महाराज जी के नाम से समर्पित करना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान है. उनके अनुसार यह फैसला न केवल पंजाब बल्कि दुनिया भर में बसे अनुयायियों के लिए गर्व का विषय है.
क्लेर ने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं. एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखने से आने वाली पीढ़ियों को भी उनके विचारों और मानव कल्याण के संदेश से प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने इसे समाज को जोड़ने वाली सकारात्मक पहल बताया.
प्रधानमंत्री मोदी के डेरा बल्लां दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई थीं. उसी क्रम में आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलने की घोषणा भी हुई थी. अब आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद यह निर्णय पूरी तरह लागू हो चुका है. इसके साथ ही गुरु रविदास समाज में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है तथा इस फैसले को संत परंपरा के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है.