menu-icon
India Daily

जालंधर में 1 लाख की रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के सब-इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है. यह गिरफ्तारी काफी अहम मानी जा रही है.

antima
Edited By: Antima Pal
जालंधर में 1 लाख की रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा
Courtesy: Pinterest

जालंधर: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के सब-इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है. यह गिरफ्तारी काफी अहम मानी जा रही है क्योंकि आरोपी अधिकारी नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच करता था.

जालंधर में 1 लाख की रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार

विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार यह पूरा मामला जालंधर जिले के गोराया थाना क्षेत्र के गांव गोहावर की एक महिला की शिकायत पर सामने आया. महिला ने बताया कि उसके भाई पर एनडीपीएस एक्ट (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट) के तहत केस दर्ज है. सब-इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह इस मामले में परिवार पर दबाव बना रहा था. वह परिवार के दूसरे सदस्यों को भी केस में फंसाने और उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई करने की धमकियां दे रहा था.

विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा

महिला के आरोप के मुताबिक आरोपी अधिकारी पहले ही अलग-अलग मौकों पर 6 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत ले चुका था. इसके अलावा उसकी भाभी का नाम केस में न डालने के बदले और 2 लाख रुपये मांगे जा रहे थे. महिला ने इन सारी बातचीत को रिकॉर्ड भी कर लिया था और सबूत के तौर पर विजिलेंस अधिकारियों को सौंप दिया.

शिकायत मिलते ही विजिलेंस ब्यूरो की टीम कपूरथला ने इसकी गहन जांच शुरू की. जब आरोप सही पाए गए तो टीम ने जाल बिछाया. योजना के तहत शिकायतकर्ता महिला को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी अधिकारी से संपर्क करने को कहा गया. तय समय पर सब-इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह एक लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया. विजिलेंस टीम ने मौके पर ही रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली.