menu-icon
India Daily

UP Weather: अगले 48 घंटों में बढ़ेगा ठंड का प्रकोप,  IMD ने जारी की चेतावनी

UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है. कानपुर और इटावा सबसे ठंडे रहे, जबकि लखनऊ और फतेहपुर में भी तापमान काफी कम रहा. मौसम विभाग ने घने कोहरे की चेतावनी दी है, जिससे राहत की उम्मीद नहीं है. गोरखपुर और प्रयागराज में धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन 45 दिन तक ठंड बने रहने की संभावना है.

Shilpa Shrivastava
UP Weather: अगले 48 घंटों में बढ़ेगा ठंड का प्रकोप,  IMD ने जारी की चेतावनी

UP Weather: उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण सर्दी का प्रकोप जारी है. प्रदेश के ज्यादातर जिले ठंड की चपेट में हैं, और पिछले 24 घंटों में कानपुर और इटावा सबसे ठंडे रहे. इन जिलों में रात के साथ-साथ दिन का तापमान भी काफी कम रहा. इसके बाद फतेहपुर और लखनऊ में भी सर्दी का असर देखा गया. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में घना से बेहद घना कोहरा छाया रह सकता है. वाराणसी और उसके आसपास के इलाकों में तापमान और गिरने की संभावना है.

अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, फिलहाल 10 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. पश्चिमी विक्षोभ तो गुजर चुका है, लेकिन इसके कारण हवा में नमी आ गई है, जिससे कोहरा और बढ़ गया है. लोग धूप के लिए तरस रहे हैं. मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले 48 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ठंड और बढ़ सकती है. इसी कारण शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है.

पिछले 24 घंटों का तापमान: 

पिछले 24 घंटों के दौरान फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कानपुर में यह 6.6 डिग्री रहा. इटावा में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री दर्ज हुआ. लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा.

मेरठ में हल्की बारिश हुई, जबकि प्रयागराज और गोरखपुर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली. मेरठ में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और बादलों के बीच थोड़ी धूप भी देखने को मिली. गोरखपुर में आठ दिनों के बाद तापमान में बढ़ोतरी हुई और अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जो मौसमी बदलाव हो रहे हैं, उनके चलते ठंड लंबे समय तक बनी रह सकती है. सब ट्रॉपिकल जेट कोल्ड स्ट्रीम के प्रभाव से अगले 45 दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है.

सम्बंधित खबर