menu-icon
India Daily

DC vs PBKS: केएल राहुल ने 47 गेंदों में जड़ी तूफानी सेंचुरी, पंजाब के गेंदबाजों को जमकर कूटा; धोनी का रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त

केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 47 गेंदों में तूफानी शतक जड़कर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. इस शानदार पारी के साथ ही उन्होंने दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रच दिया है.

KanhaiyaaZee
DC vs PBKS: केएल राहुल ने 47 गेंदों में जड़ी तूफानी सेंचुरी, पंजाब के गेंदबाजों को जमकर कूटा; धोनी का रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त
Courtesy: X/@vickyoff14

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स की भिड़ंत हुई. जहां टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया. कप्तान केएल राहुल ने बल्लेबाजी का ऐसा प्रदर्शन किया जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए. उन्होंने 152 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसकी बदौलत दिल्ली ने 2 विकेट खोकर 264 रनों का अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया है.

दिल्ली के कप्तान ने अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को पढ़ते हुए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का साहसिक निर्णय लिया. हालांकि शुरुआत उम्मीद के मुताबिक सुखद नहीं रही. सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका एक बार फिर क्रीज पर संघर्ष करते नजर आए और केवल 11 रन बनाकर सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे. उस समय ऐसा लग रहा था कि दिल्ली की टीम मुश्किल में पड़ सकती है. लेकिन कप्तान राहुल के मन में पंजाब के लिए कुछ और ही योजनाएं थीं.

राहुल और राणा की रिकॉर्ड साझेदारी 

निसंका के आउट होने के बाद मैदान पर नीतीश राणा उतरे, जिन्होंने कप्तान राहुल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला. इन दोनों दिग्गजों के बीच दूसरे विकेट के लिए महज 95 गेंदों में रिकॉर्ड 220 रनों की विशाल साझेदारी हुई. राणा ने राहुल का बखूबी साथ निभाया और पंजाब के गेंदबाजों को संभलने का एक भी मौका नहीं दिया. इस जोड़ी ने मैदान के चारों तरफ रनों की बारिश कर दी.

राहुल का 47 गेंदों में तूफानी शतक 

मैच का सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब केएल राहुल ने 15वें ओवर में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने अपनी सेंचुरी तक पहुंचने के लिए केवल 47 गेंदों का सामना किया. यह उनके आईपीएल करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक मानी जा रही है. राहुल ने अपनी आक्रामकता को पारी के अंत तक बरकरार रखा और पंजाब के किसी भी गेंदबाज को हावी नहीं होने दिया. उनकी इस निडर बल्लेबाजी ने विपक्षी टीम की सारी रणनीतियों को पूरी तरह से विफल कर दिया.

नीतीश राणा की आतिशी पारी 

नीतीश राणा ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया. उन्होंने केवल 44 गेंदों में 91 रनों की शानदार पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान राणा ने 11 बेहतरीन चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े. हालांकि वे अपने शतक से मात्र 9 रन दूर रह गए. लेकिन उनकी इस पारी ने टीम को उस मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया जहां से जीत की राह आसान लगने लगी है. राणा और राहुल की जोड़ी ने आज पंजाब के खिलाफ रनों का सैलाब खड़ा कर दिया.

नाबाद 152 रन और रनों का अंबार 

पारी के अंतिम क्षण तक केएल राहुल क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने 67 गेंदों में नाबाद 152 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 16 चौके और 9 लंबे छक्के लगाकर दिल्ली का स्कोर 264 तक पहुंचाया. राहुल की बल्लेबाजी का स्तर आज इतना ऊंचा था कि पंजाब के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज भी मैदान पर असहाय नजर आए. 20 ओवर की समाप्ति पर दिल्ली के पास एक ऐसा विशाल स्कोर था, जिसे हासिल करना किसी भी टीम के लिए एक असंभव चुनौती जैसा होगा.

इस मैच के दौरान राहुल ने जैसे ही अपना 13वां रन पूरा किया. उन्होंने आईपीएल इतिहास का एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया. वह अब इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के 5,439 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. धोनी जैसे दिग्गज का रिकॉर्ड तोड़ना राहुल की निरंतरता और पिछले कई सालों की उनकी कड़ी मेहनत का शानदार परिणाम है.

अब राहुल के आगे केवल विराट कोहली (8,989). रोहित शर्मा (7,183). शिखर धवन (6,769). डेविड वार्नर (6,565) और सुरेश रैना (5,528) जैसे दिग्गज ही बचे हैं. इस सीजन में यह राहुल का तीसरा 50 से अधिक का स्कोर है. इससे पहले उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी 92 रनों की पारी खेली थी. 

Topics