नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा का लंबे समय से देखा जा रहा सपना अब साकार होने जा रहा है. 15 जून से यहां से नियमित उड़ानों की शुरुआत होगी. यह एयरपोर्ट न सिर्फ दिल्ली एनसीआर बल्कि पूरे उत्तर भारत के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आ रहा है. आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यह परियोजना क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाने वाली है.
एयरपोर्ट से पहली उड़ान 15 जून को इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित की जाएगी. हालांकि उड़ान के गंतव्य और समय को लेकर अभी अंतिम घोषणा बाकी है. एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइन मिलकर जल्द ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करेंगे. पहली उड़ान को लेकर यात्रियों में उत्साह साफ देखा जा रहा है और इसे ऐतिहासिक शुरुआत माना जा रहा है.
Noida International Airport (NIA) announced today that commercial flight operations at the airport will commence from 15th June 2026, opening a new gateway for passengers, airlines, and cargo operators in the National Capital Region and North India. pic.twitter.com/BhW6MpP3lz
— ANI (@ANI) May 1, 2026Also Read
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था. इसके बाद से ही लोगों को यहां से उड़ानें शुरू होने का इंतजार था. अब सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद संचालन की तारीख तय कर दी गई है. इससे पहले सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की गईं, जिससे एयरपोर्ट को वाणिज्यिक सेवाओं के लिए तैयार किया जा सके.
अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट का सुरक्षा ढांचा पूरी तरह तैयार है. नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यक्रम को मंजूरी मिल चुकी है. इसके साथ ही सभी तकनीकी प्रणालियों और संचालन प्रक्रियाओं को मानकों के अनुसार पूरा किया गया है. इन तैयारियों के बाद एयरपोर्ट अब नियमित उड़ानों के लिए पूरी तरह तैयार माना जा रहा है.
इंडिगो के बाद जल्द ही अन्य एयरलाइंस भी यहां से अपनी सेवाएं शुरू करेंगी. जानकारी के मुताबिक अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने की तैयारी में हैं. आने वाले समय में कई शहरों के लिए यहां से सीधी उड़ानें शुरू होंगी. इससे यात्रियों को ज्यादा विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.