मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है. मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक के ब्रेक फेल होने से हुई इस दुर्घटना में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरातफरी का माहौल है.
इस घटना पर द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि मिर्जापुर में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर उन्हें अत्यंत दुख हुआ है. राष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) April 23, 2026
पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताया है. उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में लोगों की जान जाने से वह बेहद दुखी हैं. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया. मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है.
Deeply anguished by the loss of lives due to the mishap in Mirzapur, Uttar Pradesh. My heartfelt condolences to the bereaved families. Praying for the quick recovery of the injured.
— PMO India (@PMOIndia) April 23, 2026
An ex gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each of those who lost…
हादसा मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा ट्रक बड़का घुमान मोड़ के पास अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया. आगे चल रही अल्टो कार, बोलेरो और एक अन्य ट्रक को एक दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में आग लग गई, जिसमें 9 लोग जिंदा जल गए. वहीं अल्टो कार दो ट्रकों के बीच फंस गई, जिससे उसमें सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं. कई मृतक एक ही गांव के बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
इस हादसे पर योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. वहीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है.
जनपद मीरजापुर में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 23, 2026
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों…
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार हादसे की मुख्य वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.