T20 World Cup 2026

रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में वकील की दिनदहाड़े हत्या, घटना सीसीटीवी में हुई कैद

जानकारी के अनुसार, मृतक अधिवक्ता फारुख अहमद खान (45 वर्ष) जिला पंचायत कार्यालय में कार्यरत अपनी पत्नी से मिलने पहुंचे थे  लेकिन इसी दौरान एक छोटी-सी बात पर कार्यालय में काम करने वाले असगर अली से कहासुनी हो गई.

@iamnarendranath
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार दोपहर जिला पंचायत कार्यालय में एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, मृतक अधिवक्ता फारुख अहमद खान (45 वर्ष) जिला पंचायत कार्यालय में कार्यरत अपनी पत्नी से मिलने पहुंचे थे  लेकिन इसी दौरान एक छोटी-सी बात पर कार्यालय में काम करने वाले असगर अली से कहासुनी हो गई.

पत्नी के देर से आने पर शुरू हुआ झगड़ा

फारुख की पत्नी गौसिया जिला पंचायत में क्लर्क के पद पर काम करती हैं. आरोपी असगर अली भी उसी ऑफिस में बाबू (क्लर्क) है. सुबह ऑफिस लेट आने पर असगर ने फारूख की पत्नी को टोका. गौसिया ने अपने पति फारुख को बुला लिया. दोपहर करीब 1 बजे फारुख ऑफिस पहुंचे और असगर से बात करने लगे. बातचीत जल्दी ही गरमागरम बहस में बदल गई. आरोप है कि फारुख ने असगर को थप्पड़ मारे और हाथापाई शुरू हो गई. सीसीटीवी फुटेज में फारुख असगर को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं.

लाइसेंसी पिस्तौल से वकील की हत्या

गुस्से में आए असगर ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और फारुख पर दो गोलियां चला दीं. एक गोली फारुख को लगी, जबकि दूसरी खुद असगर को भी लग गई. फारुख गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.  उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. बीच-बचाव करने आई पत्नी गौसिया को भी पिस्तौल की बट से सिर पर चोट लगी और वे घायल हो गईं.

सीसीटीवी फुटेज वायरल, वकीलों में आक्रोश

पुलिस जांच के बाद घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बहस, थप्पड़ और फिर गोली चलते देखी जा सकती है.  पुलिस ने आरोपी असगर अली को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद गुस्साए अधिवक्ताओं ने पंचायत परिसर से लेकर अस्पताल तक हंगामा शुरू कर दिया. सूचना पाकर एसपी और डीएम मौके पर पहुंचे और वकीलों को शांत कराया. 

इस मामले में एसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया कि आरोपी घायल बाबू को हिरासत में ले लिया गया है और तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. वहीं लाइसेंसी पिस्टल को भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.