T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026: भारत का विजय अभियान, नामीबिया को 93 रनों से दी मात; पाकिस्तान को पछाड़कर पहले स्थान पर किया कब्जा

टी20 विश्व कप 2026 में भारत का विजय अभियान जारी है. भारत ने अपने दूसरे मुकाबले में नामीबिया को 93 रन से हरा दिया है. 

@BCCI
Anuj

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में भारत का विजय अभियान जारी है. भारत ने अपने दूसरे मुकाबले में नामीबिया को 93 रन से हरा दिया है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है.

पहले मैच में यूएसए के खिलाफ टीम के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने इस कमी को भी पूरा कर दिया. ग्रुप-ए का यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां भारती टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 93 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.

भारत ने 93 रन से जीता मैच

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए. जवाब में नामीबिया की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.2 ओवर में 116 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस जीत के बाद भारत का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है. अब भारतीय टीम का अगला मैच 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेला जाएगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. 

भारत की घातक गेंदबाजी

गेंदबाजी की बात करें, तो भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. नामीबिया की शुरुआत ठीक-ठाक रही. अर्शदीप सिंह ने चौथे ओवर में भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद लॉरेन स्टीनकेंप ने रन बनाने की कोशिश की, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें 29 रन पर बोल्ड कर दिया. यही से नामीबिया की पारी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे.

वरुण चक्रवर्ती को मिली 3 सफलता

94 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. बाद में रूबेन ट्रंपलैन और जाने ग्रीन ने थोड़ी साझेदारी की, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने यह साझेदारी भी तोड़ दी. भारतीय टीम की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट हासिल किए. बुमराह, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह को एक-एक सफलता मिली.

ईशान किशन की तूफानी पारी

बल्लेबाजी में ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने धमाकेदार प्रदर्शन किया. इस मैच में अभिषेक शर्मा की जगह संजू सैमसन को मौका मिला, लेकिन वह केवल 22 रन ही बना सके. हालांकि, ईशान किशन ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 61 रन ठोक दिए और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई.

हार्दिक पांड्या ने जड़ा अर्धशतक

कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए. इसके बाद हार्दिक पांड्या ने शिवम दुबे के साथ मिलकर पारी को संभाला और रन गति को बनाए रखा. हार्दिक ने 28 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे. शिवम दुबे ने भी 23 रनों का योगदान दिया.