उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार दोपहर जिला पंचायत कार्यालय में एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, मृतक अधिवक्ता फारुख अहमद खान (45 वर्ष) जिला पंचायत कार्यालय में कार्यरत अपनी पत्नी से मिलने पहुंचे थे लेकिन इसी दौरान एक छोटी-सी बात पर कार्यालय में काम करने वाले असगर अली से कहासुनी हो गई.
फारुख की पत्नी गौसिया जिला पंचायत में क्लर्क के पद पर काम करती हैं. आरोपी असगर अली भी उसी ऑफिस में बाबू (क्लर्क) है. सुबह ऑफिस लेट आने पर असगर ने फारूख की पत्नी को टोका. गौसिया ने अपने पति फारुख को बुला लिया. दोपहर करीब 1 बजे फारुख ऑफिस पहुंचे और असगर से बात करने लगे. बातचीत जल्दी ही गरमागरम बहस में बदल गई. आरोप है कि फारुख ने असगर को थप्पड़ मारे और हाथापाई शुरू हो गई. सीसीटीवी फुटेज में फारुख असगर को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं.
गुस्से में आए असगर ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और फारुख पर दो गोलियां चला दीं. एक गोली फारुख को लगी, जबकि दूसरी खुद असगर को भी लग गई. फारुख गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. बीच-बचाव करने आई पत्नी गौसिया को भी पिस्तौल की बट से सिर पर चोट लगी और वे घायल हो गईं.
रामपुर में पंचायत कर्मचारी ने मामूली कहासुनी में वकील को गोली मारी। वकील की मौके पर मौत! pic.twitter.com/fTwX2tHNDF
— Narendra Nath Mishra (@iamnarendranath) February 12, 2026
पुलिस जांच के बाद घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बहस, थप्पड़ और फिर गोली चलते देखी जा सकती है. पुलिस ने आरोपी असगर अली को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद गुस्साए अधिवक्ताओं ने पंचायत परिसर से लेकर अस्पताल तक हंगामा शुरू कर दिया. सूचना पाकर एसपी और डीएम मौके पर पहुंचे और वकीलों को शांत कराया.
इस मामले में एसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया कि आरोपी घायल बाबू को हिरासत में ले लिया गया है और तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. वहीं लाइसेंसी पिस्टल को भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.