दुकान में दो सिपाहियों ने मोबाइल पर हाथ किए साफ, वीडियो में देखें कैसे खाकी हुई शर्मसार
जौनपुर में एक मोबाइल शोरूम से दो पुलिसकर्मियों द्वारा फोन चोरी करने का मामला सामने आया है. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई. फोन वापस मिला और विभागीय जांच शुरू हो गई.
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से पुलिस की छवि को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां लाइन बाजार थाना क्षेत्र में एक मोबाइल शोरूम से दो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर महंगा स्मार्टफोन चोरी कर लिया. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो फुटेज अब सामने आया है. फुटेज सामने आने के बाद न सिर्फ फोन बरामद किया गया बल्कि दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
घटना जौनपुर के लाइन बाजार इलाके की है. यहां एक मोबाइल शोरूम पर दो पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर पहुंचे. उन्होंने शोरूम मालिक से सबसे महंगा मोबाइल फोन दिखाने को कहा. वर्दी में आए दोनों पुलिसकर्मियों पर किसी को शक नहीं हुआ और दुकानदार ने उन्हें फोन देखने के लिए दे दिया.
नजरों से बचाकर अदला-बदली
फोन देखने के दौरान ही एक पुलिसकर्मी ने चालाकी दिखाई. उसने अपने जेब से पुराना मोबाइल निकाला और शोरूम के नए फोन से चुपचाप अदला-बदली कर ली. यह हरकत इतनी सफाई से की गई कि उस समय दुकानदार को भनक तक नहीं लगी. इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी आपस में मुस्कुराते नजर आए.
बिना खरीदारी लौटे बाहर
कुछ देर तक सामान्य बातचीत करने के बाद दोनों पुलिसकर्मी बिना कोई फोन खरीदे शोरूम से बाहर निकल गए. उनका व्यवहार पूरी तरह सामान्य था. किसी को अंदाजा नहीं था कि शोरूम से महंगा मोबाइल गायब हो चुका है. चोरी की सच्चाई कुछ घंटे बाद सामने आई जब दुकानदार ने स्टॉक मिलान किया.
सीसीटीवी ने खोला राज
स्टॉक जांच के दौरान जब फोन नहीं मिला तो शोरूम मालिक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली. फुटेज देखकर वह हैरान रह गया. वीडियो में साफ दिखा कि दो पुलिसकर्मी फोन चोरी कर रहे हैं. जांच में उनकी पहचान जौनपुर पुलिस में तैनात मिथिलेश यादव और धनंजय बिंद के रूप में हुई.
https://x.com/aditya_kanha/status/2020486242320687396?s=20
जांच और कार्रवाई शुरू
मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई. एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को बुलाया और शोरूम मालिक को फोन वापस दिलवाया. इसके साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें
- गाजियाबाद में तीनों बहनों के सुसाइड मामले के बाद यूपी पुलिस ने लिखा योगी सरकार को पत्र, 5 गेमिंग ऐप्स को बैन करने की मांग
- लड़की निकली इच्छाधारी नागिन! बेडरूम में मिली सांप की केंचुली, रहस्यमयी तरीके से हुई लापता, जानें क्या है माजरा
- कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: 'बेटा हो गया बेहोश, ड्राइवर का इस वजह से भटका ध्यान', शिवम के पिता ने किया दावा