हापुड़: वैलेंटाइन डे, जिसे दुनिया भर में प्रेम और सद्भाव के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है, उत्तर प्रदेश के हापुड़ में कुछ अलग ही रंग लेकर आया. जहां प्रेमी जोड़े एक-दूसरे को गुलाब भेंट कर रहे थे, वहीं मेरठ रोड पर एक पति अपनी पत्नी को थप्पड़ों का उपहार दे रहा था. इस घटना ने वहां मौजूद हर राहगीर को हैरान कर दिया. इस घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, नगर क्षेत्र के मेरठ रोड पर हुई यह घटना किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी के चाल-चलन पर काफी समय से संदेह था. वैलेंटाइन डे के खास मौके पर पत्नी ने अपने पति को चकमा देने की योजना बनाई और प्रेमी संग बाहर निकल गई. हालांकि, सतर्क पति ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा. जैसे ही उसने दोनों को एक साथ देखा, उसका धैर्य जवाब दे गया और वहां भारी विवाद खड़ा हो गया.
सरेराह अपनी पत्नी को गैर मर्द के साथ देखकर पति ने आपा खो दिया और थप्पड़ों का गिफ्ट देना शुरू कर दिया. बीच सड़क पर इस तरह की मारपीट देखकर राहगीर दंग रह गए. देखते ही देखते वहां लोगों का भारी मजमा लग गया. कुछ लोगों ने इस पूरे वाकये का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.
हापुड़ में वैलेंटाइन डे पर हाईवोल्टेज ड्रामा।
— Shanu (@Khabrishanu) February 14, 2026
पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ पकड़ा। बीच सड़क पर जमकर मारपीट। वैलेंटाइन डे के परिणाम आने शुरू हुए। देखे वीडियो... pic.twitter.com/r4bOiob1U1
यह मामला तब और बिगड़ गया जब प्रेमी ने बीच-बचाव करना चाहा. अपनी वफादारी दिखाते हुए पत्नी अपने ही पति से भिड़ गई ताकि प्रेमी को चोट न पहुंचे. सड़क पर ही पति, पत्नी और प्रेमी के बीच जबरदस्त गुत्थमगुत्था हुई. इस घटना की वजह से वहां वाहनों के पहिए थम गए और लोग मूकदर्शक बनकर इस हाई वोल्टेज ड्रामे का आनंद लेने लगे. नफरत और धोखे का यह खेल सबके सामने खुलकर आ गया.
सड़क पर मचे इस कोहराम की सूचना जब पुलिस को मिली, तो वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को एक-दूसरे से अलग किया और मारपीट पर काबू पाया. मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए तीनों को हिरासत में लेना ही बेहतर समझा. पुलिस की जीप में बैठाकर उन्हें थाने ले जाया गया, जहां कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की गई.