सोसाइटी में कार पार्किंग पर बवाल, गार्ड्स ने की रेजिडेंट की जमकर पिटाई, Video में देखें कैसे महिला के साथ की बदसलूकी
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में शुक्रवार रात गार्ड्स और एक रेजिडेंट के बीच रॉन्ग साइड से गाड़ी प्रवेश को लेकर झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई में बदल गया. घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिससे स्थिति की गंभीरता सामने आई.
Greater Noida Viral Video: ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में शुक्रवार रात हुई एक गंभीर मारपीट ने सभी को हैरान कर दिया. बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किग्सवुड सोसाइटी में गार्ड्स और एक रेजिडेंट के बीच जमकर झड़प हुई. यह विवाद रॉन्ग साइड से गाड़ी प्रवेश करने को लेकर हुआ था और देखते ही देखते यह मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो इस पूरी बवाल को दिखा रहा है.
रात करीब 10:30 बजे अर्जुन नामक व्यक्ति अपनी कार को सोसाइटी के नो एंट्री गेट से अंदर लाने की कोशिश कर रहा था. यह गेट एग्जिट के लिए निर्धारित था, लेकिन अर्जुन ने इसे एंट्री के रूप में इस्तेमाल किया. गार्ड्स ने इसका विरोध किया और दोनों के बीच तर्क-वितर्क हुआ. गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. गार्ड गौतम और सत्यम ने अर्जुन के साथ हिंसक व्यवहार किया.
महिला के साथ बदसलूकी
जब कुछ सोसाइटी के लोग बीच-बचाव के लिए आए, तो गार्ड्स ने एक महिला के साथ भी बदसलूकी की. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला को मारपीट का शिकार होना पड़ा. यह पूरी घटना तब सामने आई जब पास में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया और स्थिति को काबू में किया.
पुलिस की कार्रवाई
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दो गार्ड्स गौतम और सत्यम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए अर्जुन की शिकायत पर केस दर्ज किया. कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह ने कहा कि यह विवाद सोसाइटी में गाड़ी की रॉन्ग साइड एंट्री को लेकर था. गार्ड्स के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पिछली शिकायतें भी थीं
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस सोसाइटी में ट्रैफिक अनुशासन और गार्ड्स के व्यवहार को लेकर पहले भी कई शिकायतें आई थीं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला था. अब उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस मामले में पूरी जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने न केवल सोसाइटी के भीतर का माहौल तनावपूर्ण कर दिया है, बल्कि यह एक गंभीर चेतावनी भी है कि सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था और गार्ड्स का व्यवहार जल्द सुधारा जाए.