IPL 2026

सीएम योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की मिली धमकी, सगाई टूटने पर आरोपी ने रची साजिश

यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी देने वाला व्यक्ति एक सफाईकर्मी बताया जा रहा है.

x
Ashutosh Rai

उत्तर प्रदेश से चौंकाने वाली खबर आ रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सोशल मीडिया पर बम से उड़ाने की धमकी मिली. आरोपी की पहचान शाहजहांपुर निवासी नितेश कटियार के रूप में हुई है. वह नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है. आरोपी ने निजी रंजिश के चलते एक युवक को फंसाने के लिए उसके नंबर का इस्तेमाल कर धमकी भरा पोस्ट वायरल किया था.

व्हाट्सएप पोस्ट से मचा हड़कंप

प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया. सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी भरा संदेश वायरल हुआ. यह पोस्ट मऊआइमा निवासी पवन कुमार चौरसिया के व्हाट्सएप नंबर से आया था. पुलिस को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, साइबर टीम सक्रिय हो गई और मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई. शुरुआती जांच में पुलिस ने पवन को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

सगाई टूटने के बाद बढ़ा विवाद

पूछताछ के दौरान पवन कुमार चौरसिया ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन की शादी के लिए एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी. इसी दौरान शाहजहांपुर निवासी नितेश कटियार से रिश्ता तय हुआ था. हालांकि, बाद में दोनों परिवारों के बीच सहमति नहीं बन सकी और रिश्ता टूट गया. इसके बाद नितेश और पवन के बीच विवाद शुरू हो गया. पुलिस के अनुसार इसी नाराजगी के चलते आरोपी ने पवन को झूठे मामले में फंसाने की योजना बनाई.

युवक को फंसाने के लिए रची साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी नितेश कटियार ने स्वीकार किया कि उसने बदला लेने की नीयत से यह पूरा षड्यंत्र रचा. उसने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए बम से उड़ाने की धमकी वाला पोस्ट डाला और उसमें पवन कुमार का नंबर टैग कर दिया. आरोपी को उम्मीद थी कि पुलिस पवन को ही जिम्मेदार मान लेगी, लेकिन तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा की मदद से पुलिस असली आरोपी तक पहुंच गई.

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

गुरुवार शाम मऊआइमा पुलिस ने शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी नितेश कटियार को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.