menu-icon
India Daily

Jaipur E-Rickshaw Action: बिना लाइसेंस वालों की खैर नहीं...जयपुर में ट्रैफिक पुलिस का जबरदस्त एक्शन, 120 से ज्यादा ई-रिक्शा हुए जब्त

Jaipur E-Rickshaw action: जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने अवैध ई-रिक्शा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 से ज्यादा रिक्शा जब्त किए और 300 से अधिक चालान काटे. कई चालकों के पास लाइसेंस और आरसी जैसे जरूरी दस्तावेज नहीं मिले. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी और नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल वैध ई-रिक्शा में ही यात्रा करें.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Jaipur E-Rickshaw Action: बिना लाइसेंस वालों की खैर नहीं...जयपुर में ट्रैफिक पुलिस का जबरदस्त एक्शन, 120 से ज्यादा ई-रिक्शा हुए जब्त
Courtesy: Grok AI

Jaipur E-Rickshaw action: राजधानी जयपुर में अवैध ई-रिक्शा के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस के अभियान में तेजी आ रही दिख रही है. शहर के कई प्रमुख इलाकों में लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक 120 से ज्यादा ई-रिक्शा जब्त किए जा चुके हैं और 300 से ज्यादा चालान काटे गए हैं.

शनिवार सुबह से ही जयपुर ट्रैफिक पुलिस अलग-अलग इलाकों में सक्रिय दिखाई दी. रामगढ़ मोड़ चौराहा, पुरानी चुंगी, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़ और हसनपुरा सहित कई जगहों पर ई-रिक्शा चालकों की चेकिंग की गई. बिना कागजात और नियमों का पालन न करने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की.

अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान शुरू

ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज अशोक यादव ने बताया कि जयपुर पुलिस के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा अवैध रूप से चल रहे हैं, जिनमें से कई चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं होते. किसी के पास लाइसेंस नहीं है तो किसी के पास गाड़ी की आरसी तक मौजूद नहीं है. कई चालक किराए पर ली गई ई-रिक्शा चला रहे हैं, जिनके पास वाहन की पूरी जानकारी तक नहीं होती.

नियमों का उल्लंघन करने वाले पर कार्रवाई

अशोक यादव ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई के साथ-साथ चालकों को बताया जा रहा है कि बिना कागजात और बिना लाइसेंस वाहन चलाना न केवल अवैध है बल्कि इससे सड़क सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ता है.
जयपुर में ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या ने पहले से ही ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित कर रखा है. जगह-जगह जाम की स्थिति और दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान सड़क पर अनुशासन और सुरक्षा लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद 

ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वाले किसी भी चालक को बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सिर्फ उन्हीं ई-रिक्शा में सफर करें जिनके पास सही दस्तावेज हों. इससे सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सकेगी. इस सख्त कार्रवाई से जहां शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद है, वहीं  कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जयपुर पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और व्यापक हो सकता है.