menu-icon
India Daily

ग्वालियर–झांसी हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर, रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी कार; 5 दोस्तों की मौत

मध्य प्रदेश के ग्वालियर–झांसी हाईवे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस गई. कार पूरी तरह ट्रॉली के नीचे दब गई और उसमें बैठे सभी पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई. वे झांसी से लौट रहे थे.

princy
Edited By: Princy Sharma
ग्वालियर–झांसी हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर, रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी कार; 5 दोस्तों की मौत
Courtesy: Pinterest

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर–झांसी हाईवे पर रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने सभी को दहला दिया. तेज रफ्तार से दौड़ रही एक फॉर्च्यूनर SUV रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से इतनी जोरदार भिड़ी कि कार पूरी तरह ट्रॉली के नीचे घुस गई. इस खौफनाक टक्कर में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये सभी लोग झांसी में आयोजित एक कार्यक्रम से ग्वालियर लौट रहे थे.

यह हादसा सुबह 6:35 बजे ग्वालियर से लगभग 20 किलोमीटर दूर मालवा कॉलेज के पास हुआ. MP07 CG 9006 नंबर की फॉर्च्यूनर हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी. जैसे ही वाहन सड़क पर एक मोड़ के करीब पहुंचा, सामने अचानक रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई. हाई स्पीड में कार चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका और SUV सीधे पीछे से ट्रॉली में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया और गाड़ी ट्रॉली के नीचे फंस गई. यहां देखें वीडियो 

एक मृतक की पहचान 

हादसे के बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को कट्टर मशीन तक का सहारा लेना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका. मृतकों में से एक की पहचान आदित्यपुरम निवासी श्रीकृष्ण राजावत के रूप में हुई है. अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.

कार के एयरबैग फटे

फॉर्च्यूनर की हालत देखकर यह साफ समझा जा सकता है कि रफ्तार बहुत तेज रही होगी. कार के एयरबैग खुलकर फट चुके थे, जो आमतौर पर 120 किमी/घंटा या उससे ज्यादा की गति में होने वाली टक्कर का संकेत माना जाता है. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के अंदर से खाली शराब की बोतलें और डिस्पोजेबल गिलास भी मिले हैं.

कार में मिली शराब की बोतलें

ऐसे में शक जताया जा रहा है कि दुर्घटना से पहले कार में शराब का सेवन किया गया हो सकता है. हालांकि पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है. इस हादसे ने इलाके में दहशत और दुख का माहौल बना दिया है.