झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. दिन में गर्मी बढ़ रही है और रातें ठंडी हो रही हैं. राज्य के कई हिस्सों में तापमान 35-36 डिग्री तक पहुंच चुका. हालांकि अब मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिनों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है. जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 7 मार्च से राज्य के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश की संभावना है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख बाबूराज पीपी ने बताया कि ऊपरी हवा में निम्न दबाव की प्रणाली सक्रिय है. यह सिस्टम ओडिशा और बिहार तक फैला चुका. जिसके कारण पूर्वी राज्यों में 7 से 9 मार्च के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे. कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक बारिश ज्यादा नहीं होगी, लेकिन यह तापमान को प्रभावित करने वाली है. बारिश के बाद मौसम साफ होने पर अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे ज्यादा तापमान चाईबासा में 36.4 डिग्री दर्ज किया गया. डाल्टनगंज में 35.2 डिग्री और जमशेदपुर में 35.1 डिग्री तक तापमान पहुंच गया. राजधानी रांची में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर रहा. राज्य में 11 से 17 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान चल रहा है. गुमला सबसे ठंडा रहा, जहां रात का पारा 11.4 डिग्री तक गिरा.
पिछले कुछ दिनों से झारखंड का मौसम अनिश्चित है. कई जिलों में दिन का तापमान 35-36 डिग्री तक पहुंचा. रात का तापमान भी पहले 17-18 डिग्री रहता था. अब कई जगहों पर यह 11 से 14 डिग्री तक गिर गया है. मौसम विभाग का कहना है कि यह परिवर्तन सामान्य है. मार्च की शुरुआत में ऐसे उतार-चढ़ाव अक्सर देखे जाते है. हालांकि मौसम में यह बदलाव लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है. गर्मी से ठंडक और फिर बारिश का तड़का लोगों के स्वास्थ्य को खराब कर सकती है. विशेषज्ञों ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है, साथ ही बच्चे और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने के लिए कहा गया है. झारखंड के मौसम में अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.