'अगर ट्रंप उन्हें कूदने को कहेंगे, तो नरेंद्र मोदी कूद जाएंगे', राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर कसा तंज

गुरुग्राम में कांग्रेस सांसद और नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर अमेरिका के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है. उन्होंने एपस्टीन फाइल्स का जिक्र करते हुए भारत-अमेरिका समझौतों पर सवाल उठाए हैं. इस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

ani
Kuldeep Sharma

गुरुग्राम: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुग्राम में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका में मौजूद जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में प्रधानमंत्री से संबंधित जानकारी होने के कारण भारत सरकार प्रेशर में फैसले ले रही है. राहुल गांधी ने हालिया भारत-अमेरिका समझौतों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ये समझौते सामान्य परिस्थितियों में संभव नहीं थे. राहुल के बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है.

एपस्टीन फाइल्स को लेकर राहुल ने किया बड़ा दावा

जनसभा के संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका में करीब साढ़े तीन लाख एपस्टीन फाइल्स मौजूद हैं और उनमें प्रधानमंत्री के 'इतिहास और चरित्र' से जुड़ी जानकारी दर्ज है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण अमेरिका भारत सरकार पर प्रेशर क्रिएट कर रहा है. राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लेते हुए कहा कि अगर ट्रंप प्रधानमंत्री से कुछ भी कहें तो उन्हें मानना पड़ता है. राहुल गांधी ने कहा कि अगर डोनाल्ड ट्रंप उन्हें कूदने को कहेंगे, तो वो कूद जाएंगे. उन्होंने दावा किया की प्रधानमंत्री अमेरिका के नियंत्रण में हैं.

भारत-अमेरिका समझौतों पर उठाए सवाल

इसके साथ ही राहुल गांधी ने हाल के भारत-अमेरिका समझौतों को भी निशाने पर लिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रधानमंत्री के लिए कृषि, लघु उद्योग, ऊर्जा सुरक्षा और देश के डेटा से जुड़े फैसले इस तरह लेना आसान नहीं होता है. कांग्रेस नेता का आरोप था कि ये फैसले अमेरिका के प्रेशर में लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि देश की नीतियों में आजादी से फैसले लेने की क्षमता कमजोर हुई है. राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि सरकार कई अहम मामलों में बाहरी प्रभाव के तहत काम कर रही है.

भाजपा ने आरोपों को किया खारिज

राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने भी पलटवार करना शुरू कर दिया है. भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हए कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. गौरतलब है कि इससे पहले भी भाजपा ऐसे आरोपों को राजनीतिक हताशा बता चुकी है. वहीं विदेश मंत्रालय ने जनवरी में इसी तरह के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया था. मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि प्रधानमंत्री से जुड़े दावे बेबुनियाद और भ्रामक हैं.