'या अल्लाह, मुझे बचाओ', गौहत्या के आरोप में पुलिस ने बरसाए डंडे, रहम की गुहार लगाता रहा युवक; VIRAL VIDEO

"या अल्लाह, मुझे बचाओ", गुजरात के वेजलपुर में गोहत्या के मामले में पुलिस का गिरफ्तार युवकों की पिटाई करने का वीडियो वायरल.

X
Ashutosh Rai

"या अल्लाह, मुझे बचाओ", एक वायरल वीडिया में ऐसी आवाज सुन देखने वाले दंग रह गए. वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक युवक को वाहन पर बैठाकर लाठी-डंडों से मारते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में युवक “या अल्लाह, मुझे बचाओ” चिल्लाता सुनाई दे रहा है. गुजरात के वेजलपुर का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

पुलिस की कार्रवाई

वेजलपुर पुलिस को इलाके में अवैध तरीके से पशु कटान किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह एक खुले मैदान के पास छापा मारा. पुलिस का दावा है कि मौके पर कुछ लोग गोहत्या की तैयारी कर रहे थे. रेड के दौरान कई आरोपी भाग निकले लेकिन पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया. पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में मांस, एक जिंदा पशु, धारदार हथियार, एक ऑटो और बिना नंबर प्लेट वाली कार बरामद करने का दावा किया है. अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामान की कीमत करीब 1.56 लाख रुपये बताई गई है.

वायरल वीडियो

छापेमारी के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो में पुलिसकर्मी एक युवक को डंडों से मारते नजर आ रहे हैं. युवक लगातार खुद को बचाने की गुहार लगाता दिखाई देता है. कुछ यूजर्स का कहना है कि, "भारतीय मुसलमानों की स्थिति यही है. भारत के मुसलमानों के प्रति बहुसंख्यक समुदाय और उनके नियंत्रण वाली पुलिस का रवैया यही है." वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि, "इसकी चीख से गौ माता को जरूर शांति मिली होगी."

पुलिस का बयान

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, गुजरात पशु संरक्षण कानून और पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. अधिकारियों के मुताबिक, कुल नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. हालांकि फिलहाल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. गुजरात में गोहत्या पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू है.