West Bengal Assembly Election 2026

महिला मित्र के साथ रात में होटल पहुंचा था इंटीरियर डिजाइनर, सुबह फंदे से लटका मिला

हरियाणा के फरीदाबाद में महिला मित्र के साथ होटल पहुंचे एक इंटीरियर डिजाइनर का शव कमरे में पंखे से झूलता मिला है. देर रात महिला मित्र के जाने के बाद लगा ली फांसी. महिला मित्र भी पहले से शादीशुदा है और उसके भी तीन बच्चे हैं. महिला मित्र के रिश्ता तोड़ने के बाद उठाया आत्मघाती कदम.

AI
Dhiraj Kumar Dhillon

हरियाणा के फरीदाबाद में पहले से शादीशुदा इंटीरियर डिजाइनर ने महिला मित्र के रिश्ता तोड़ने से परेशान होकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला मित्र भी पहले से शादीशुदा है और दोनों के तीन- तीन बच्चे भी हैं. दोनों के बीच लंबे समय से प्रसंग था, लेकिन इस रिश्ते में पिछले कुछ दिनों से खटास आने लगी थी, इसी खटास को दूर करने के लिए इंटीरियर डिजाइनर महिला मित्र को साथ लेकर होटल पहुंचा था, लेकिन बात नहीं बनी और उसने मौत को गले लगा लिया. 

रात में 10 बजे होटल पहुंचा था इंटीरियर डिजाइनर

फरीदाबाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक टीकवाली गांव के पास स्थित होटल के एक कमरे में 26 वर्षीय नजीर का शव पंखे से लटका मिला है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 26 वर्षीय नजीर अपनी म‌हिला मित्र के साथ मंगलवार रात करीब 10 बजे होटल पहुंचा था. कमरे में दो घंटे तक साथ रहने के बाद महिला मित्र रात में करीब 12 बजे होटल से चली गई. शुरूआती जांच में पता चला है कि दोनों पहले से शादीशुदा थे. महिला इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. 

महिला की चुन्नी का फंदा बनाकर झूल गया नजीर

विवाद के बीच महिला अपनी चुन्नी कमरे में छोड़कर होटल से चली गई. इसी चुन्नी के सहारे पंखे से लटककर नजीर ने जान दे दी. बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो मास्टर की से दरवाजा खोला गया. कमरे में नजीर का शव पंखे से झूल रहा था. तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.

पिता बोले आत्महत्या नहीं कर सकता मेरा बेटा

नजीर के पिता अता अहमद को शक है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटका दिया गया. उनका कहना है कि नजीर आत्महत्या नहीं कर सकता, हालांकि उन्होंने पिछले कुछ दिनों से नजीर के तनाव में होने की बात कबूल की है.