T20 World Cup 2026

हरियाणा में बीजेपी सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना को AAP ने बताया महिलाओं के साथ धोखा

ढांडा ने बीजेपी पर हरियाणा की महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब इस धोखे को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी.

Anurag Dhanda
Hemraj Singh Chauhan

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने हरियाणा की बीजेपी सरकार द्वारा लाडो लक्ष्मी योजना और इसके मोबाइल ऐप के लॉन्च को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इस योजना को “जुमला लक्ष्मी” करार देते हुए इसे महिलाओं के साथ “सबसे बड़ा राजनीतिक छल” बताया. ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह ने पंचकूला में इस योजना का शुभारंभ भले ही कर दिया, लेकिन यह लॉन्च वास्तव में एक चुनावी धोखे की शुरुआत है.

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान हरियाणा की हर महिला को प्रतिमाह 2100 रुपये देने का वादा किया था.लेकिन अब, जब योजना लागू करने की बारी आई, तो सरकार ने अपने वादों से मुकरते हुए इसे तमाम शर्तों और पाबंदियों में जकड़ दिया.ढांडा ने दावा किया कि हरियाणा में करीब 1.4 करोड़ महिलाएं हैं, लेकिन इस योजना का लाभ केवल 10-12% महिलाओं तक ही सीमित रहेगा, जिससे 90% महिलाएं ठगी गई हैं.

AAP नेता ने कहा कि बीजेपी ने “लाडो लक्ष्मी” के नाम पर महिलाओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है.गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को आय की सीमा के दायरे में फंसाया गया, युवतियों और छात्राओं को उम्र के आधार पर बाहर रखा गया, और बुजुर्ग व विधवा महिलाओं को अन्य योजनाओं के टकराव के बहाने लाभ से वंचित किया गया.ढांडा ने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण के बजाय उन्हें “शर्तों के पिंजरे” में कैद करने का प्रयास बताया.

उन्होंने आगे कहा कि यह योजना कल्याणकारी नहीं, बल्कि चुनाव से पहले महिलाओं को भ्रमित करने का एक हथकंडा है. बीजेपी जानती है कि जनता अब उसके झूठे वादों पर भरोसा नहीं करती, इसलिए वह आधे-अधूरे प्रचार और मोबाइल ऐप लॉन्च के जरिए अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है. ढांडा ने बीजेपी पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब इस धोखे को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी.

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि बीजेपी सरकार ने हरियाणा की महिलाओं के अधिकारों और उनकी उम्मीदों को कुचलने का काम किया है.ढांडा ने कहा, “महिलाओं ने बीजेपी पर भरोसा किया, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ छल और झूठ मिला.हरियाणा की जनता अब जाग चुकी है और बीजेपी को इसका करारा जवाब देगी.