menu-icon
India Daily

बिहार में गर्मी का कहर खत्म! IMD ने जारी किया भारी बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट

बिहार में पिछले कुछ दिनों से जारी बदलाव का असर आज भी देखने को मिलेगा, जहां बारिश और तेज हवाओं ने पूरे राज्य का मिजाज बदल दिया है. मौसम विभाग ने राज्य के सभी हिस्सों के लिए बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
बिहार में गर्मी का कहर खत्म! IMD ने जारी किया भारी बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट
Courtesy: Pinterest

पटना: भारत के कुछ राज्यों में मौजूदा समय में गर्मी से राहत मिल रही है. कई राज्यों में बारिश के कारण लोगों को राहत की सांस ली है. बिहार में पिछले कुछ दिनों से जारी बदलाव का असर आज भी देखने को मिलेगा, जहां बारिश और तेज हवाओं ने पूरे राज्य का मिजाज बदल दिया है. गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह बदलाव किसी राहत से कम नहीं है.

मौसम विभाग ने राज्य के सभी हिस्सों के लिए बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. खासकर करीब 20 जिलों में तेज बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है. तापमान में गिरावट के चलते अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

5 मई तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग के अनुसार, 5 मई तक बिहार समेत देश के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. निचले स्तर की हवाओं और बदलते वायुमंडलीय दबाव के कारण आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है.

इन जिलों में रहेगा बारिश का ज्यादा असर

पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है. अन्य जिलों में भी बारिश होगी, लेकिन उसकी तीव्रता कम रहने की संभावना है.

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर मेघ गर्जन और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर खुले क्षेत्रों में रहने वालों को.

तापमान में गिरावट से राहत

लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इससे भीषण गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है. हालांकि 5 मई के बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. पांच मई के बाद से लोगों को फिर से भीषण गर्मी झेलनी पड़ सकती है. 

पिछले दिनों का असर

बीते 24 घंटों में मोतिहारी, बेतिया, मुजफ्फरपुर, शिवहर और सीतामढ़ी जैसे जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि पटना, किशनगंज और अररिया में हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया था. कैमूर, रोहतास और जहानाबाद में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई.