WCL 2025, Shahid Afridi: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 के सेमीफाइनल में भारत-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने आने वाली थीं. हालांकि, युवराज सिंह की कप्तानी वाली टीम इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ खेलने से साफ इनकार कर दिया.
इसके बाद पाकिस्तान चैंपियंस के कप्तान शाहिद अफरीदी बस स्टेडियम की बालकनी से भारतीय टीम को जाते हुए देखते रह गए. भारत के इस कदम ने न सिर्फ अफरीदी को हैरान किया, बल्कि उनके एक बयान को भी गलत साबित कर दिया.
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक रिश्तों का असर इस टूर्नामेंट पर भी पड़ा. हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने लीग स्टेज में भी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था. उस समय कई लोगों को लग रहा था कि शायद सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में भारत अपनी रणनीति बदलेगा.
पाकिस्तान चैंपियंस के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद शाहिद अफरीदी ने एक विवादास्पद बयान दिया था. उन्होंने कहा था, "पता नहीं अब भारत किस मुंह से खेलेगा, लेकिन उसे हमारे साथ ही खेलना पड़ेगा." अफरीदी को लग रहा था कि सेमीफाइनल एक नॉकआउट मुकाबला है, इसलिए भारत के पास उनके खिलाफ खेलने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा.
Indian team packing their bags and knocked out out of WCL 🇮🇳
— TEAM AFRIDI (@TEAM_AFRIDI) July 30, 2025
Lala watching them from the balcony. #WCL2025 pic.twitter.com/zpmffXfqWE
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शाहिद अफरीदी स्टेडियम की बालकनी से भारतीय टीम को जाते हुए देख रहे हैं. उनके चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी.
इंडिया चैंपियंस ने सेमीफाइनल तक का सफर शानदार प्रदर्शन के साथ तय किया था. उन्होंने अपने पिछले मैच में वेस्टइंडीज चैंपियंस को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी. लेकिन, पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर भारत ने सिद्धांतों को प्राथमिकता दी.
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के आयोजकों ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा, "हम इंडिया चैंपियंस के सेमीफाइनल से हटने के फैसले का सम्मान करते हैं. साथ ही, हम पाकिस्तान चैंपियंस की खेलने की तैयारियों की भी सराहना करते हैं. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए, भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच रद्द कर दिया गया है."