नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी स्टीव स्मिथ पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं. PSL के 11वें संस्करण के लिए स्टीव स्मिथ को 14 करोड़ की भारी भरकम रकम देकर खरीदा गया है. IPL 2026 के लिए दुबई में आयोजित मिनी ऑक्शन में स्टिव स्मिथ अनसोल्ड रहे थे.
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें संस्करण से पहले हुई नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने नया कीर्तिमान स्थापित किया. उन्हें सियालकोट स्टैलियंस ने 14 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में अपने साथ जोड़ा, जिससे वे लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए. इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जिनमें टीमों की संख्या बढ़ाना और ड्राफ्ट सिस्टम की जगह नीलामी प्रक्रिया लागू करना शामिल है.
स्टीव स्मिथ को करीब 5 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 14 करोड़ पाकिस्तानी रुपये) में खरीदा गया. वह चोटिल मिशेल मार्श की जगह ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप टीम में शामिल होने वाले हैं. सियालकोट फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपनी नई पहचान का चेहरा बनाया है.
इस बार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दस साल पुरानी ड्राफ्ट प्रणाली को खत्म कर पहली बार खुली नीलामी कराई. लाहौर में आयोजित इस प्रक्रिया में आठ फ्रेंचाइजियों ने कुल 103 खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा. नीलामी में डेविड वॉर्नर, एडम जाम्पा, डेरिल मिशेल, मार्क चैपमैन, मुस्तफिजुर रहमान, डेवोन कॉनवे, राइली रुसो, तबरेज शम्सी, दासुन शनाका, कुसल मेंडिस और मार्नस लाबुशेन जैसे अंतरराष्ट्रीय नाम शामिल रहे.
तेज गेंदबाज नसीम शाह 8.65 करोड़ रुपये में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ जुड़े और सबसे महंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी बने. फहीम अशरफ को भी इसी टीम ने 8.5 करोड़ में खरीदा. बाबर आजम को पेशावर जाल्मी ने 7 करोड़ में अपने साथ बनाए रखा, जबकि साइम अयूब 12.2 करोड़ में रिटेन हुए.
इस सीजन में सियालकोट और हैदराबाद दो नई टीमें जुड़ी हैं. इनके स्वामित्व अधिकार क्रमशः 1,85,000 करोड़ और 1,75,000 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में बेचे गए. टूर्नामेंट 26 मार्च से 3 मई तक चलेगा. वहीं, दुनिया की सबसे महंगी लीग में से एक इंडियन प्रीमियर लीग भी 26 मार्च से ही शुरू हो सकता है.