Abhishek Sharma: भारत के सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के पहले मुकाबले में 34 गेंदों पर 79 रनों की धमाकेदार पारी खेली. उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने 133 रनों का लक्ष्य महज 12.5 ओवर में हासिल कर लिया. इस पारी से न केवल भारत को जीत मिली बल्कि अभिषेक ने टीम में अपनी जगह भी बचा ली. उनकी इस पारी पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पिनर पीयूष चावला ने कहा कि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को टी20 टीम में लंबा मौका मिलना चाहिए.
जियोसिनेमा पर बातचीत के दौरान पीयूष चावला ने कहा कि "अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों में एक्स-फैक्टर होता है और इन्हें लंबे समय तक मौके दिए जाने चाहिए. अभिषेक शर्मा एक हाई-रिस्क बल्लेबाज हैं. जब वह रन बनाते हैं तो वह मैच जिताने वाली पारी होती है. अगर वह 60 रन बनाते हैं, तो वह 20-22 गेंदों में बनाते हैं. आज उन्होंने शुरुआत धीमी की, लेकिन अपना अर्धशतक 20 गेंदों में पूरा किया. इससे उनके खेलने की मानसिकता और शॉट्स की रेंज का पता चलता है. वह लंबे शॉट्स खेलने की क्षमता रखते हैं."
अभिषेक की जगह टीम में खतरे में थी क्योंकि हाल के मुकाबलों में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा था. हालांकि, अपने करियर के दूसरे टी20 मुकाबले में शतक लगाकर उन्होंने धमाकेदार शुरुआत की थी. इसके बाद जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ लगातार कम स्कोर बनाने के कारण वे दबाव में आ गए थे. दक्षिण अफ्रीका दौरे पर उन्होंने एक अर्धशतक लगाकर कुछ हद तक वापसी की, लेकिन संजू सैमसन के प्रदर्शन के सामने यह फीका पड़ गया. संजू ने उसी समय तीन टी20 शतक लगाए थे.
कोलकाता में खेले गए पहले मैच में टीम इंडिया ने 3 विकेट से जीत दर्ज की और 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. इस मुकाबले में अभिषेक की शानदार पारी और भारतीय गेंदबाजों की बेहतरीन गेंदबाजी की वजह से टीम ने आसानी से पहला मैच अपने नाम कर लिया.