Shakib Al Hasan: बांग्लादेश के स्टार ऑल राउंडर और पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन के ऊपर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है. 147 लोगों मर्डर के एक केस में आरोपी बनाए गए है. इसमें एक नाम शाकिब का भी बताया जा रहा है. ESPN की एक रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश में हुए विरोध प्रदर्शनों से जुड़े एक हत्या मामले में 147 आरोपियों में शाकिब अल हसन का नाम भी शामिल है.
ढाका के अदबोर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के अनुसार, जहां मामला दर्ज किया गया था, शाकिब को FIR में 27वें या 28वें आरोपी के रूप में लिस्ट किया गया है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कपड़ा मजदूर मोहम्मद रुबेल की हत्या के मामले में शाकिब को आरोपी बनाया गया है. रूबेल के पिता रफीकुल इस्लाम ने गुरुवार को शिकायत दर्ज कराई थी. ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, ढाका के अडाबोर में रिंग रोड पर एक रैली में भाग लेने के दौरान मोहम्मद रूबेल को सीने और पेट में गोली लगने से गंभीर चोटें आईं. बाद में चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया.
हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार जब बांग्लादेश में हिंसात्मक प्रदर्शन चल रहे थे तब शाकिब अल हसन देश में नहीं थे. वह तो कनाडा के टूर पर था. वह कनाडा में ग्लोबल टी20 लीग में बांग्ला टाइगर्स मिसिसॉगा टीम की अगुआई कर रहे थे.
डेली स्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार कपड़ा मजदूर मोहम्मद रुबेल को 5 अगस्त को गोली मारी गई थी. कुछ लोगों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों और रुबेल पर गोलियां चलाई थी.
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त का अनुमान है कि 16 जुलाई से 4 अगस्त के बीच अशांति के दौरान बांग्लादेश में 400 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ रिपोर्ट में इससे भी अधिक संख्या का अनुमान लगाया गया है.
दरअसल, शाकिब अल हसन ने जनवरी 2024 में हुए चुनावी नतीजों में अवामी लीग के टिकट पर मगुरा के पश्चिम शहर से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी. ऐसे में एक कनेक्शन यह निकल कर सामने आ रहा है कि वह आवामी लीग के समर्थक है शायद इसीलिए उन पर बदले की भावना के साथ कार्रवाई की जा रही हो.
अवामी लीग के सत्ता से बाहर होने के बाद, बांग्लादेश में एक अंतरिम सरकार की स्थापना की गई और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए. पूर्व राष्ट्रीय कप्तान फारुक अहमद ने बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है.
शाकिब अली इस समय पाकिस्तान के दौरे पर हैं. रावलपिंडी में बांग्लादेश औ पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है. पहली पारी में शाकिब अल हसन ने 16 गेंदों पर 15 रनों की पारी खेली. उन्हें क्रिकेट की दुनिया का एक सर्वश्रेष्ट ऑल राउंडर माना जाता है.