कायरन पोलार्ड ने बल्ले से काटा 'गदर', एमएस धोनी भी अपनी कप्तानी में नहीं कर सके ऐसा कमाल

वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी कायरन पोलार्ड ने बल्ले से खास कमाल कर दिखाया है. उन्होंने ऐसा कारनामा किया है, जो एमएस धोनी अपनी कप्तानी में नहीं कर सके हैं.

@ILT20Official (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: अबू धाबी में खेले गए आईएलटी20 के एक रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड ने कमाल का प्रदर्शन किया. एमआई एमिरेट्स की कप्तानी कर रहे पोलार्ड ने दुबई कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 44 रनों की तेज पारी खेली और अपनी टीम को 8 विकेट से बड़ी जीत दिलाई. 

इस जीत से एमआई एमिरेट्स ने प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली और क्वालीफायर में दो मौके मिलेंगे. पोलार्ड अब खास कारनामा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं.

कायरन पोलार्ड की विस्फोटक पारी

पोलार्ड ने सिर्फ 31 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे. मैच की बागडोर उनके हाथ में थी जब टीम को जीत की जरूरत थी. खासकर 15वें ओवर में उन्होंने वकार सलामखेल के ओवर में 30 रन ठोक दिए. 

इस ओवर में चार छक्के, एक चौका और एक दो रन आए. इस धुआंधार पारी से मैच बराबरी की स्थिति से एकतरफा हो गया और एमआई एमिरेट्स ने 123 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया.

इतिहास रचने वाला रिकॉर्ड

इस पारी के दौरान पोलार्ड ने एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया. वे टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए. 

इस उपलब्धि से उन्होंने एमएस धोनी, फाफ डु प्लेसिस और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया. ये तीनों खिलाड़ी इस मुकाम के करीब हैं लेकिन पोलार्ड ने सबसे पहले इसे छुआ.

पोलार्ड की कप्तानी

पोलार्ड ने कई टीमों की कप्तानी की है, जैसे वेस्टइंडीज टी20 टीम, आईपीएल में मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी, आईएलटी20, मेजर लीग क्रिकेट के अलावा बारबाडोस ट्राइडेंट्स, केप कोब्रास, सेंट लूसिया स्टार्स और त्रिनबागो नाइट राइडर्स. उनकी कप्तानी में लगाए गए छक्के अब 300 से ज्यादा हैं.

धोनी और अन्य की स्थिति

एमएस धोनी टी20 में कप्तान के रूप में 100, 150, 200 और 250 छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी थे. हालांकि, अब ऋतुराज गायकवाड़ की वापसी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभालने वाले हैं इसलिए धोनी के आगे कप्तानी करने की संभावना कम है. 

इसी तरह रोहित शर्मा अब मुंबई इंडियंस की कप्तानी नहीं करते. फाफ डु प्लेसिस अभी एसए20 में जोबर्ग सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं और जल्द ही इस रिकॉर्ड के करीब पहुंच सकते हैं.