menu-icon
India Daily

केएल राहुल को मिली साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे टीम की कप्तानी, जडेजा-गायकवाड़ का हुआ कमबैक

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान 23 नवंबर (रविवार) को किया गया. इस सीरीज में कप्तानी की जिम्मेदारी विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल संभालेंगे.

Kanhaiya Kumar Jha
केएल राहुल को मिली साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे टीम की कप्तानी, जडेजा-गायकवाड़ का हुआ कमबैक
Courtesy: x/@Kunal_KLR

नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा 23 नवंबर (रविवार) को की गई. इस सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल टीम इंडिया की कमान संभालेंगे. नियमित कप्तान शुभमन गिल की गर्दन में चोट होने के कारण वह चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे, जिस वजह से राहुल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई.

तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ की वापसी

भारतीय वनडे टीम में तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ की भी वापसी हुई है. साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करने वाले ऋतुराज लंबे समय बाद टीम में लौटे हैं, जबकि तिलक वर्मा को टी20 इंटरनेशनल में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद ओडीआई टीम में जगह मिली है. ऋतुराज अब तक 6 और तिलक 4 वनडे इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. इसके अलावा रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं. दोनों ही ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे टीम में नहीं थे.

स्क्वाड में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज मौजूद

15 सदस्यीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी मौजूद हैं. मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल इस स्क्वॉड में नहीं चुने गए हैं, जबकि ये दोनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे टीम का हिस्सा थे. श्रेयस अय्यर भी चोट के कारण इस बार चयनित नहीं हुए.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और ध्रुव जुरेल.

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज 30 नवंबर से रांची में शुरू होगी. इसके बाद दूसरा मैच 3 दिसंबर को रायपुर और तीसरा मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमों के बीच 9 दिसंबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी, जिसके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी.

भारत-साउथ अफ्रीका व्हाइट बॉल सीरीज शेड्यूल:

पहला वनडे – 30 नवंबर, रांची
दूसरा वनडे – 3 दिसंबर, रायपुर
तीसरा वनडे – 6 दिसंबर, विशाखापत्तनम

पहला टी20 – 9 दिसंबर, कटक
दूसरा टी20 – 11 दिसंबर, मुल्लांपुर
तीसरा टी20 – 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा टी20 – 17 दिसंबर, लखनऊ
पांचवां टी20 – 19 दिसंबर, अहमदाबाद